सीवरेज कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कें 15 दिन में ठीक कराएं- जिला कलक्टर

बूंदी, 27 जून। जिला कलक्टर रेणु जयपाल ने निर्देश दिए हैं कि सीवरेज लाइन कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त होने वाली सड़कों को 15 दिन में दुरूस्त करवाया जावे, अन्यथा संबंधित के खिलाफ कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। जिला कलक्टर ने यह निर्देश सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान दिए।
बैठक में जिला कलक्टर ने प्रमुख चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि विकलांग प्रमाण पत्र जारी करने के प्रकरणों का निस्तारण शीघ्र करें। उन्होनें कहा कि जल संसाधन विभाग बरसात के मौसम के मद्देनजर सभी बांधों का एक बार बारीकी से निरीक्षण कर ले। चिकित्सा संस्थानों में निःशुल्क जांच व दवा योजना लाभ आमजन को ज्यादा से ज्यादा मिले। साथ ही सीएचसी इन्द्रगढ़ में फर्श मरम्मत का कार्य करवाया जाए। निरोगी बूंदी अभियान के तहत क्षय रोगियों को पोषण किट उपलब्ध कराने की कार्य योजना तैयार की जावे।

उन्होनें निर्देश दिए कि नियमित रूप से आमजन को पेयजल आपूर्ति मिले तथा शहर के वार्ड संख्या 9 में नई पाईप लाइन डाली जावे। पानी की सप्लाई बाधित नही हो। सामाजिक एवं न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाकर अधिकाधिक लाभान्वित करें। उन्होंने निर्देश दिए विद्युत निगम बरसात के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त रखे और आमजन को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिले। इसके अलावा सीएडी की नहरों की भी सफाई करवाई जावे।

शहर की सफाई व्यवस्था को बनाए बेहतर
जिला कलक्टर ने शहर में सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नगर परिषद आयुक्त को निर्देश दिए कि शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाया जावे। उन्होंने निर्देश दिए कि शमशान और कब्रिस्तान को जाने वाले रास्तों को ठीक रखा जावे। इसके अलावा सफाई कर्मचारी समय से वार्ड में सफाई के कार्य को संपादित करें। बैठक में आयुक्त नगर परिषद महावीर सिंह सिसोदिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेन्द्र त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।