सरकार की चार वर्षीय विकास प्रदर्शनी एवं जिला दर्शन पुस्तिका विमोचन

सरकार की चार वर्षीय विकास प्रदर्शनी एवं जिला दर्शन पुस्तिका विमोचन

राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं देश में बन रही मिसाल-जिला प्रभारी मंत्री

ब्यूरो चीफ शिवकुमार शर्मा 
कोटा राजस्थान

कोटा 24 दिसम्बर। राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को सूचना केन्द्र में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा जिला प्रभारी मंत्री परसादी लाल मीणा ने विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं जिला दर्शन विकास पुस्तिका का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने चार वर्ष में फ्लैगशिप योजनाओं से जनकल्याण एवं विकास की ऐसी इबारत लिखी है कि जिसका उदाहरण देश में अन्य प्रदेशों में देखने को नहीं मिलता।
उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं अनूठी हैं जिनका बड़ा लाभ आमजन को मिल रहा है। राज्य की जीडीपी 11.4 प्रतिशत की दर से आगे बढ़ रही है। डबल डिजिट में जीडीपी बढ़ना राज्य के लिए अच्छा प्रतीक है एवं देश के अग्रणी राज्यों में है। राजस्थान में बजट का 7 प्रतिशत स्वास्थ्य पर खर्च हो रहा है। पिछली सरकार से हेल्थ का बजट दो गुना किया गया है। 10 हजार करोड़ हेल्थ बजट को 20 हजार करोड़ रुपये किया गया है। 4 साल में 1639 महात्मा गांधी राजकीय इंग्लिश मीडियम स्कूल खोले गए हैं जिनमें करीब 3 लाख बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नगरीय विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों से कोटा एक नए पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित होने जा रहा है, रेड लाईट फ्री सड़कों वाला कोटा देश में इकलौता शहर भी बन गया है। उन्होंने राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, मुख्यमंत्री निशुल्क दवा एवं जांच योजना सहित किसानों एवं आमजन को राहत देने वाली विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों का उल्लेख किया।
राज्य सरकार की चार वर्ष की विकास यात्रा का दिग्दर्शन-
जिला प्रभारी मंत्री ने सूचना केन्द्र में फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया तथा प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में राज्य सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों का  दिग्दर्शन चित्रों के माध्यम से कराया गया है। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, फ्लैगशिप योजनाओं, उपलब्धियों, नवाचारों तथा विकास के चित्र प्रदर्शित किए गए हैं। कोटा में शहरी विकास की दिशा में हुए महत्वपूर्ण कार्यों, स्मार्ट सिटी परियोजना के विकास कार्यों, जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों की उपलब्धियों एवं महत्वपूर्ण गतिविधियों का भी चित्रात्मक प्रदर्शन किया गया है। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा अपनी योजनाओं एवं गतिविधियों का प्रदर्शन करते हुए स्टॉल लगाई गई। इनमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, कृषि, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, राजीविका, एनयूएलएम की स्टॉल महत्वपूर्ण रही। एनयूएलएम अन्तर्गत गठित महिला स्वयं सहायता समूहों ने प्लास्टिक की व्यर्थ बोटलों एवं अन्य अनुपयोगी पदार्थों से सुन्दर कलाकृतियां बनाकर प्रदर्शित की जिनकी अतिथियों ने सराहना की। प्रदर्शनी मंगलवार 27 दिसम्बर तक कार्यालय समय में आमजन के अवलोकनार्थ खुली रहेगी।
आरंभ में जिला प्रभारी मंत्री परसादी लाल मीणा का जिला कलक्टर ओपी बुनकर एवं उप निदेशक जनसम्पर्क हरिओमसिंह गुर्जर ने स्वागत किया। अन्य अतिथियों का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। उप निदेशक जनसम्पर्क ने अतिथियों को प्रदर्शनी के बारे में जानकारी दी।
ये रहे मौजूद-
समारोह में विधायक पीपल्दा रामनारायण मीणा, महापौर कोटा दक्षिण राजीव अग्रवाल, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड उपाध्यक्ष पंकज मेहता, सीईओ जिला परिषद ममता तिवाड़ी, यूआईटी के पूर्व अध्यक्ष रविन्द्र त्यागी, डॉ. जफर मोहम्मद, प्रधान लाड़पुरा नईमुद्दीन गुड्डू, समाजसेवी अमित धारीवाल, नगर निगम आयुक्त राजपाल सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिटी प्रवीण जैन, एसडीएम लाड़पुरा दीपक मित्तल, उपायुक्त गजेन्द्र सिंह, उप सचिव यूआईटी मोहम्मद ताहिर, उपनिदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ओमप्रकाश तोषनीवाल, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. विजय सरदाना, सीएमएचओ जगदीश सोनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
स्कूटी पाकर खिली छात्राएं-
राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में जिला प्रभारी मंत्री ने देवनारायण छात्रा स्कूटी योजना तथा काली बाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना में 10 छात्राओं को स्कूटी सौंपी। उन्होंने प्रत्येक बालिका से योजना के बारे में जानकारी लेकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर परिवार, समाज एवं प्रदेश का नाम रोशन करने का आव्हान किया। बालिकाओं ने सरकार का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में स्कूटी पाकर सपने साकार करने की योजना के बारे में बताया। पूजा कुमारी, खुशबु मीणा, नौशीन आरा, कविता गोचर, दिव्या मेघवाल, वन्दना महावर, रीना गुर्जर, शीतल चौधरी, काजल पारेता एवं शिफा खान को प्रतिकात्मक रूप से स्कूटी वितरण की गई। ये छात्राएं स्कूटी पाकर फूली नहीं समाई। उन्होंने इस उपहार के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर  कॉलेज प्राचार्य डॉ. संजय भार्गव, सहायक निदेशक कॉलेज शिक्षा रघुराज परमार सहित योजना के प्रभारी डॉ. रेणु त्यागी, डॉ. बरखा कालानी ने स्वागत कर योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
सुजस एप मौके पर डाउनलोड करवाया-
प्रदर्शनी के अवसर पर सूचना केन्द्र में आंगतुक अधिकारियों-कर्मचारियों एवं मीडियाकर्मियों को सुजस एप की जानकारी दी गई एवं मौके पर ही फ्लैक्स में प्रदर्शित क्यूआर कोड के माध्यम से एप को डाउनलोड करवाया गया।