चुनी हुई सरकारों में बाधा डाल रहे हैं राज्यपाल और उपराज्यपाल : अरविंद केजरीवाल

जयपुर।  आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज देश के राज्यपालों और उपराज्यपालों पर आरोप लगाया है कि वे चुनी हुई सरकारों को परेशान कर रहे हैं। उन्होनें कहा कि राज्यपाल, उपराज्यपाल निर्वाचित सरकार के काम में बाधा डाल रहे हैं।  यहां तक कि उन्होंने आश्चर्य जताया कि क्या एक "काला साया" डाला जा रहा है। लोकतंत्र के ऊपर।
केजरीवाल ने दिल्ली सरकार द्वारा आयोजित एक गणतंत्र दिवस समारोह में कहा, "74वें गणतंत्र दिवस पर हमें इस बात पर विचार करने की जरूरत है कि लोकतंत्र को इन लाट साहिबों (राज्यपालों/उपराज्यपालों) से कैसे बचाया जाए।"

आप प्रमुख ने न्यायपालिका, राज्य सरकारों, साथ ही किसानों और व्यापारियों के साथ केंद्र के कथित "झगड़े" का भी उल्लेख किया और इस तरह के झगड़ों को समाप्त करने का आह्वान किया ताकि भारत दुनिया में "नंबर एक" देश बन सके।

उन्होंने कहा, "आजकल ये न्यायपालिका से लड़ रहे हैं। जजों से लड़ने की क्या जरूरत है? ये राज्य सरकारों, किसानों और व्यापारियों से भी लड़ रहे हैं। अगर हम मिलकर काम करें और एक-दूसरे से सीखें, तो भारत को दुनिया में नंबर एक देश बनने से कोई नहीं रोक सकता।"  
तेलंगाना के अपने हाल के दौरे का हवाला देते हुए, श्री केजरीवाल ने कहा कि वहां की सरकार ने राज्य में 4 करोड़ लोगों को मुफ्त नेत्र जांच और अनुवर्ती उपचार प्रदान करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा, "हम इसे दिल्ली में भी करेंगे। देश में ऐसी कोई समस्या नहीं है जिसका समाधान कुछ राज्यों में नहीं मिला है। समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकारों को एक-दूसरे से सीखने की जरूरत है।"