राजनीति किसकी रहेगी किसकी खत्म होगी 2023 का चुनाव तय कर देगा:- गुंजल
संवाददाता शिवकुमार शर्मा
कोटा राजस्थान
कोटा:- देवनारायण पशुपालक आवासीय योजना के उदघाटन के अवसर पर शांति धारीवाल द्वारा दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने कहा कि धारीवाल जी 2023 के चुनाव में जनता तय कर देगी की राजनीति आपकी खत्म होने वाली है या मेरी आपके कहने से काम नहीं चलेगा। और आपने कहा की निर्माण के बारे में मैं नहीं जानता ठीक है आप ज्यादा जानते हो। आप जब जब राज में आते हो तो गुलशन राय व अनूप भरतरिया प्रकट हो जाते हैं और किस तरह का निर्माण करते हैं सारा शहर जानता है। और उस निर्माण में किसका कितना कमीशन व किसकी कितनी पार्टनरशिप है यह भी जरा शहर को बता दो। यह सार्वजनिक नहीं है पर अप्रत्यक्ष रूप से शहर की जनता जानती है।
गुंजल ने कहा कि देवनारायण योजना में घटिया निर्माण को लेकर मैंने आज डीजी एसीबी को जांच के लिए एक पत्र लिख दिया है हिम्मत हो तो इसके निर्माण की जांच आप भी करवा दीजिए। आप भी एक पत्र डीजी एसीबी को लिखिये की इसका काम नोम्स के अनुसार हुआ है या नहीं जाँच की जाये।
नवरंग होटल व फूल प्लाजा को लेकर बोला हमला
नवरंग होटल व फूल प्लाजा की हकीकत बताएं शहर को
गुंजल ने कहा कि आप मेरे मकान की सौ बार चर्चा कर चुके हैं। आप नवरंग होटल व फूल प्लाजा का 69ए में पट्टा मांग रहे थे। और फिर उस से हटकर आपको खुल जा सिम सिम की तरह कुछ दस्तावेज मिल गए जिनके आधार पर अब आप नाम हस्तांतरण चाह रहे हैं। लेकिन 2004 में आईएलआर लाडपुरा की रिपोर्ट के मुताबिक तहसीलदार लाडपुरा के फैसले में नवरंग होटल व फूल प्लाजा गैरमुमकिन आबादी सिवायचक भूमि पर बनी हुई है ।और आज भी खसरा जिस पर नवरंग होटल व फूल प्लाजा बना हुआ है गैरमुमकिन फांसीघर दर्ज है। आप किस तरह चुपचाप पट्टा हासिल करने में लगे हैं ये शहर को बताइए। हमने दो महीने पहले सूचना के अधिकार में जानकारी मांगी थी जिसे आपने अपने प्रभाव से आज तक रोक रखा है। आप इस पर एक भी शब्द क्यों नहीं बोल रहे हो। नवरंग होटल और फूल प्लाजा के बारे में पूरी हकीकत शहरवासियों को बताइए।
चुनावी वादों से हटकर कर रहे अनियोजित विकास
गुंजल ने कहा कि अब शहर की जनता को यह भी बता दो कि आप बहुत बड़े विकास पुरुष हैं बड़े बड़े चौराहे आप खड़े कर रहे हैं जनता के धन को पलीता लगा रहे हैं। आपने चौराहे बनाने के लिए वोट नहीं मांगे, कितनी दुर्घटनाएं हो गई आदमी किस तरह सड़क पर कहां से चलेगा सोच कर चलना पड़ता है। आपने वोट मांगे थे की प्रहलाद गुंजल केईडीएल ले आया मंत्री बनते ही मैं दस दिन में केईडीएल हटा दूंगा। आप अपने आप को नेक्स्ट टू सीएम समझते हो, सरकार में पावरफुल मंत्री समझते हो तो हटा देते ना केईडीएल। 2023 के चुनाव में तय करके आना आप जनता को क्या जवाब देंगे। आप अपने वादे से पीछे क्यों हट रहे हो गुंजल ने कहा कि आपकी सरकार पूंजीपतियों की झोली में बैठी है इसलिए आप गुमराह कर जनता का ध्यान बांटना चाहते हैं अपने वादों पर बात कीजिए नहीं तो 2023 में जवाब देना पड़ेगा। जनता पूछेगी केईडीएल पर आपने क्या किया, टेंचिंग ग्राउंड पर आपने क्या किया तब पता चल जाएगा की राजनीति किसकी खत्म होगी।
मानसिक दिवालिये हो गए हैं मंत्री धारीवाल
गुंजल ने कहा कि उम्र बढ़ने के साथ-साथ धारीवाल मानसिक दिवालिये हो गए हैं। वैसे भी आमजन से लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व तक उन्हें कोई गंभीरता से नहीं लेता। इसी कारण अपने बयानों को लेकर चर्चा में बने रहना चाहते हैं। यह पहली बार नहीं है इससे पूर्व विधानसभा में प्रदेश में बढ़ते बलात्कार पर चर्चा के दौरान बलात्कार का कारण मर्दों का प्रदेश होना बताया था। हाल ही में बीडी कल्ला के नाम से कांग्रेस आलाकमान पर सवाल उठा दिया, पूर्व में ब्राह्मणों को लेकर विवादित बयान दिया था। यह इसी तरह मिडिया में सुर्खियां बटोरने में लगे हैं।
गुंजल ने कहा कि आपने यह कहते हुए शहर में दो नगर निगमों का निर्माण किया था की व्यवस्था सुधर जाएगी, कामों की निगरानी सही ढंग से होगी क्या हुआ शहर सड़ रहा है। आज भी जनता मूलभूत सुविधाओं से महरूम है। शहर की व्यवस्था तो नहीं सुधरी पर आपने अपने 174 लोगों को पार्षदी का झुनझुना जरूर पकड़ा दिया जिसे लेकर वह शहर में घूम रहे हैं उनकी कोई नहीं सुन रहा। आप जिन निर्माणों की बात कर रहे हो उसे लेकर ही 2023 में शहर की जनता आपसे जवाब मांगेगी।