जमा नहीं हुई ज्ञानवापी मस्जिद सर्वेक्षण की रिपोर्ट , आयोग ने अदालत से मांगा और समय

जयपुर। ज्ञानवापी मस्जिद परिसर का वीडियोग्राफी सर्वेक्षण की रिपोर्ट मंगलवार को जमा करानी थी लेकिन वह अभी तक पूरी नहीं हुई है। एक अधिकारी ने कहा कि ज्ञानवापी मस्जिद परिसर के वीडियोग्राफी सर्वेक्षण का काम सौंपा गया आयोग मंगलवार को अपनी रिपोर्ट जमा करने के लिए एक स्थानीय अदालत से अतिरिक्त समय मांगेगा क्योंकि यह अभी तैयार नहीं हुई है।

सहायक अधिवक्ता आयुक्त अजय प्रताप सिंह ने कहा, “अदालत के आदेश के अनुसार, ज्ञानवापी मस्जिद परिसर का वीडियोग्राफी सर्वेक्षण 14 मई से 16 मई तक सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक हुआ था, और इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जानी थी। सिंह ने कहा, "हालांकि, हम आज (मंगलवार) को अदालत में रिपोर्ट जमा नहीं कर रहे हैं क्योंकि यह तैयार नहीं है। हम अदालत से अतिरिक्त समय मांगेंगे, और अदालत जो भी समय देगी, हम रिपोर्ट जमा करेंगे।"

बता दें कि मस्जिद प्रतिष्ठित काशी विश्वनाथ मंदिर के करीब स्थित है। याचिका कर्ता ने दावा किया है कि पहले इस ज्ञानवापी मस्जिद के स्थान पर मंदिर मौजूद था जिसे तोडकर मस्जिद बनाई गई। कोर्ट इस याचिका की सुनवाई में मस्जिद का सर्वेक्षण करवा रही है।

वहीं, कल एक ज्ञापवापी मस्जिद परिसर में सर्वेक्षण के दौरान शिवलिंग मिलने का दावा किया गया जिसके वाद स्थानीय अदालत ने ज्ञानवापी मस्जिद परिसर में एक तालाब को सील करने का आदेश दिया था। हालांकि, मस्जिद प्रबंधन समिति के एक सदस्य ने इस दावे का खंडन करते हुए कहा कि वस्तु वज़ूखाना जलाशय में पानी के फव्वारे तंत्र का हिस्सा थी जहां भक्त नमाज अदा करने से पहले स्नान करते हैं।