बूंदी (शिवकुमार शर्मा)
जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग उदयपुर के अतिरिक्त आयुक्त शम्भू दयाल मीणा ने मंगलवार को यहां जिला कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं एवं वनाधिकार अभियान 2021 की समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए।
माडा योजना के अतिरिक्त आयुक्त ने योजना में प्रगति की समीक्षा की, दिए आवश्यक निर्देश
उन्होंने बताया कि जिन पंचायत समिति क्षेत्रों में 50 हजार से अधिक अनुसूचित जनजाति आबादी है वहां बच्चों के सर्वागींण विकास के लिए माडा योजना के तहत हॉस्टल निर्माण करवाये जायेंगे। हॉस्टल निर्माण के लिए उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रस्ताव तैयार कर विभाग को अविलम्ब प्रेषित करे। उन्होने जिले में संचालित छात्रावासों में भोजन, पानी सहित अन्य आवश्यक कार्यो सहित छात्रावास भवनों के रखरखाव की समीक्षा की।
मीणा ने निर्देश दिए कि राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों की पालना में प्रारंभ हो रही कक्षाओं के लिए छात्रावासों में आने वाले छात्र-छात्राओं की नियमानुसार कोविड़ जांच करवाई जाये । प्रत्येक हॉस्टल वॉर्डन क्षेत्रीय एएनएम व जीएनएम के सम्पर्क में रहे। कक्षों में बच्चों का ठहराव 50 प्रतिशत क्षमता अनुसार ही किया जावे। कोरोना गाईड लाईन की कडाई से पालना हो। बालक-बालिकाओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करवाया जाये
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन छात्रावासों में भवन मरम्मत की आवश्यकता है, उनके प्रस्ताव जरिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी विभाग को भिजवायें। ट्यूशन शिक्षा के लिए राजकीय सेवा में कार्यरत अध्यापकों का सक्षम अधिकारी से अनुमोदित पैनल तैयार किया जाये। छात्रावास भवनों में रंग रोगन मॉडल के रूप में करवाया जाये। रसद सामग्री का रख रखाव सुनिश्चित करने के साथ-साथ शौचालयों की स्वच्छता का ध्यान रखा जाये।
इससे पूर्व जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुरलीधर प्रतिहार ने जिले में संचालित छात्रावासों की पिछले 3 वर्षो की उपलब्धियों की जानकारी दी तथा आवश्यक सुविधाऐं उपलब्ध करवाने के लिए प्रति छात्रावास 5 लाख रूपये बजट की आवश्यकता बताई।
इस दौरान उप निदेशक कृषि रमेश चंद जैन, विकास अधिकारी नैनवां जतन सिंह गुर्जर, विकास अधिकारी हिण्डोली राजकुमार सोनी, सहायक सांख्यिकी अधिकारी धारा सिंह मीणा, छात्रावास अधीक्षक शिमला चौधरी, जमना कुमारी, रामकुमार मीणा आदि मौजूद रहे।