भुज में 200 बेड के हॉस्पिटल का किया उद्घाटन, बोले देश में अगले 10 वर्षों में रिकॉर्ड संख्या में डॉक्टर होंगे

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात के भुज में 200 बेड वाले केके पटेल मुतली स्पेशियलिटी अस्पताल को राष्ट्र के नाम किया। मोदी ने वीडीयो कॉन्फ्रेंसिंग जरिए इस अस्पताल का उद्घाटन किया। यह अस्पताल लेउवा पटेल समुदाय द्वारा बनाया गया है। इस दौरान पीएम मोदी ने आगामी 10 साल में रिकॉर्ड डॉक्टरों की संख्या हासिल करने का भारत का लक्ष्य बताया।

प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि केंद्र सरकार की हर जिले में कम से कम एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की नीति के कारण देश को अगले 10 वर्षों में रिकॉर्ड संख्या में डॉक्टर मिलेंगे। उन्होंने कहा, "हर जिले में कम से कम एक मेडिकल कॉलेज होने और यह सुनिश्चित करने का लक्ष्य कि चिकित्सा शिक्षा सभी की पहुंच में हो, देश को 10 साल बाद रिकॉर्ड संख्या में डॉक्टर मिलेंगे।" उन्होंने कहा कि दो दशक पहले गुजरात में सिर्फ नौ मेडिकल कॉलेज थे, लेकिन पिछले 20 वर्षों में चिकित्सा शिक्षा के परिदृश्य में काफी सुधार हुआ है।

पीएम मोदी ने कहा कि अब राज्य में एक एम्स और तीन दर्जन से अधिक मेडिकल कॉलेज हैं। पहले, गुजरात के मेडिकल कॉलेजों में केवल 1,000 छात्रों को प्रवेश मिलता था, अब लगभग 6,000 छात्रों को इन कॉलेजों में प्रवेश मिलता है। वहीं, गुजरात के राजकोट में एम्स ने 2021 से 50 छात्रों को प्रवेश देना शुरू कर दिया है।