जयपुर। आयकर विभाग ने एक बार फिर से मीडिया कार्यालयों को निशाना बनाया है। आयकर विभाग ने अब दो डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म न्यूज़लॉन्ड्री और न्यूज़क्लिक कार्यालायों पर छापेमारी की है। इन दोनों डिजटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर टेक्स चोरी करने का आरोप है। केंद्रीय एजेंसी के अनुसार आयकर विभाग के अधिकारियों ने दक्षिण दिल्ली में स्थित दो समाचार संगठनों के कार्यालयों में उनके वित्तीय रिकॉर्ड की जांच के लिए सर्वे किया है।
आयकर विभाग ने यह छापेमारी शुक्रवार को दोपहर के आसपास शुरू की थी। बता दें कि ये दोनों ही डिजिटल मीडिया केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार की गहरी आलोचना करते हैं। इन दोनों समाचार वेबसाइटों के कार्यालयों में आधी रात तक छानबीन चलती रही थी।
बता दें कि न्यूज़लॉन्ड्री एक समाचार शो - न्यूज़ेंस और टिप्पणी के लिए भी जाना जाता है जो अक्सर केंद्र सरकार के समर्थन में चलने वाले मीडिया चैनलों को जमकर खरी खोटी सुनाते हैं। दोनों वेबसाइट डिजीपब न्यूज इंडिया फाउंडेशन के संस्थापकों में से हैं। इस बीच, दो समाचार वेबसाइटों के कार्यालयों में किए गए आयकर सर्वेक्षणों पर चिंता व्यक्त करते हुए, एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने इस कदम की आलोचना करते हुए कहा कि स्वतंत्र मीडिया को "सरकारी एजेंसियों को परेशान करने और डराने" की खतरनाक प्रवृत्ति को रोकना चाहिए क्योंकि यह संवैधानिक लोकतंत्र को कमजोर करता है।