जयपुर। भारत पृथ्वी की निचली कक्षा में मानवयुक्त मिशन भेजने के प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है। इस मिशन का नाम गगनयान रखा गया है। भारत सरकार के अनुसार इस मिशन को 2022 के अंत में या 2023 के शुरूआत में लॉन्च किया जा सकता है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बुधवार को कहा कि भारत का 'गगनयान' मिशन 2022 के अंत या 2023 की शुरुआत में शुरू होने की संभावना है। भारत अपने गगनयान मिशन को 2020 में लॉन्च करने की तैयारी कर रहा था लेकिन कोविड 19 के कारण इसमें देरी हो गई ।
मंत्री ने कहा कि हम वास्तव में 2022 तक गगनयान लॉन्च कर सकते थे लेकिन COVID-19 के कारण अपरिहार्य कारण से ऐसा नहीं हो सकामंत्री ने कहा है कि मुझे यकीन है, शायद अगले साल के अंत तक या 2023 की शुरुआत इस मिशन को भेजा जा सकता है।
अंतरिक्ष विभाग में राज्य मंत्री श्री सिंह ने यह बात फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित 'फ्यूचर ऑफ इंडिया-ओशिनिया स्पेस टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप पर आयोजित एक वेबिनार को संबोधित करते समय कही थी। सरकार के अनुसार, गगनयान कार्यक्रम के मानव रहित मिशन के लिए शैक्षणिक संस्थानों से चार जैविक और दो भौतिक विज्ञान से संबंधित माइक्रोग्रैविटी प्रयोगों को शॉर्टलिस्ट किया गया है।
मंत्री ने इस वेबीनार में अंतरिक्ष के क्षेत्र में काम कर रहे स्टार्ट-अप और उद्योग जगत के खिलाड़ियों तक पहुंचने के महत्व पर भी जोर दिया। वहीं इस सप्ताह की शुरुआत में, ऑस्ट्रेलिया अंतरिक्ष एजेंसी के उप प्रमुख एंथनी मर्फेट ने कहा था कि ऑस्ट्रेलिया कोकोस द्वीप समूह के माध्यम से भारत के गगनयान मिशन को ट्रैक करके सपोर्ट करेगा।