श्री कृष्ण गोशाला में सेवा की पहल : खुशी के पल गोवंश के साथ मनाने के लिए आगे आने लगे लोग
शाहपुरा न्यूज - शहर में आजादी से पूर्व स्थापित श्री कृष्ण गोशाला अजीतगढ़ में शहरवासी और आसपास के लोग सेवा कार्यों में आगे बढ़कर सहयोग करने लगे है वहीं अब खुशियों के पल गोशाला के गोवंश के साथ मनाने लगे है। वहीं गोशाला प्रबंधन कार्यकारिणी ने भी इस प्रकार के गोभक्तो, सहयोगियों को सम्मानित करके गोसेवा कार्यों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित करते है। मंगलवार को शहर निवासी युवा अभिषेक माथुर ने अपना जन्मदिन गोशाला के गोवंश को मीठा दलिया खिलाकर मनाया। इस दौरान गोशाला अध्यक्ष चैतन्य मीणा, सचिव मूलशंकर शर्मा, सह व्यवस्थापक जगदीश प्रसाद स्वामी, पूर्व व्यवस्थापक हनुमान सहाय मिश्रा ने दुपट्टा पहनाकर माथुर को सम्मानित किया।
जानकारी मुताबिक हाल ही गठित गोशाला कार्यकारिणी, सलाहकार समिति, उप संरक्षक मंडल ने गौसेवा कार्यों के लिए नवाचार करने में लगे हुए है। जिसके लिए समाजसेवी व गोभक्त मोहन लाल बड़सीवाल ने गोशाला कृषि भूमि कार्यों के लिए एक ट्रेक्टर, एयू बैंक के सुल्तान पलसानिया ने गौ ग्रास संग्रहण के लिए एक लोडिंग ई रिक्शा देने को घोषणा की। वहीं गोशाला कार्यकारिणी ने शहर समेत आसपास के लोगो से अपने खुशी के पल जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, स्वजनों की पुण्यतिथि समेत अनेक अवसरों पर गौसेवा में योगदान देकर गायों के साथ मनाने के लिए प्रेरित कर रहे है।