भारत में जल्द लॉन्च होगा Jio स्मार्टफोन, कंपनी ने दे दिया है ईशारा, इन फीचर्स से होगा लैस

जयपुर। देश की दिग्गज टेलिकॉम कंपनी रिलायंस जियो भारतीय बाजार में जल्द ही दो Jio स्मार्टफोन लॉन्च करने वाली है।  हालाँकि आगामी हैंडसेट के विवरण की अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन कथित तौर पर उन्हें भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की वेबसाइट से स​र्टिफिकेट मिल गया है जो कि इस बात की ओर ईशारा करता है कि दोनों फोन भारत में दस्तक देने वाले हैं।   रिलायंस 28 अगस्त को अपनी वार्षिक आम बैठक (एजीएम) कार्यक्रम की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह तैयार है, और उम्मीद है कि कंपनी इस कार्यक्रम के दौरान जियो फोन के बारे में एक घोषणा करेगी। खबर है कि कथित Jio फ़ोन को स्नैपड्रैगन 480 SoC द्वारा संचालित किया जा सकता है जिसमें 4GB रैम और 32GB ऑनबोर्ड स्टोरेज मौजूद होगा। 

टिप्सटर मुकुल शर्मा (@stufflistings) ने BIS वेबसाइट पर Jio फोन की कथित लिस्टिंग का स्क्रीनशॉट पोस्ट किया। लीक के अनुसार, मॉडल नंबर JBV161W1 और JBV162W1 वाले हैंडसेट को शुक्रवार, 11 अगस्त को BIS से मंजूरी मिल गई है। मॉडल नंबर के अलावा, लिस्टिंग से स्मार्टफोन के किसी भी स्पेसिफिकेशन का पता नहीं चलता है।

रिलायंस जियो ने अभी तक नए जियो फोन के लॉन्च के संबंध में कोई विवरण नहीं दिया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज 28 अगस्त को दोपहर 2:00 बजे IST पर अपनी 46वीं एजीएम की मेजबानी कर रही है। उम्मीद है कि इवेंट के दौरान रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी जियो फोन के बारे में कोई घोषणा करेंगे। पिछले कुछ समय से जियो फोन को लेकर अफवाहें चल रही हैं। मॉडल नंबर Jio LS1654QB5 वाला एक Jio Phone पिछले साल गीकबेंच बेंचमार्किंग प्लेटफॉर्म पर स्नैपड्रैगन 480+ SoC, एड्रेनो 619 GPU और 4GB RAM के साथ देखा गया था।



पिछले लीक में आगामी 5G हैंडसेट में 32GB इंटरनल स्टोरेज और 13-मेगापिक्सल का डुअल रियर कैमरा यूनिट होने का दावा किया गया था। यह एंड्रॉइड 12 के साथ शिप हो सकता है और इसमें 90Hz रिफ्रेश रेट के साथ 6.5-इंच HD+ LCD डिस्प्ले होने की संभावना है। इसके 8-मेगापिक्सल सेल्फी शूटर के साथ आने की उम्मीद है। जियो फोन में 18W चार्जिंग सपोर्ट के साथ 5,000mAh की बैटरी होने की खबर है।