भाकपा में घुटन महसूस कर रहे कन्हैया कुमार कांग्रेस में हो सकते हैं शामिल, राहुल गांधी से मिले

जयपुर। राजनैतिक गलियारों में ऐसी चर्चा है कि भारत कम्यूनिस्ट पार्टी के नेता और जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष रहे कन्हैया कुमार भाकपा पार्टी में घुटन महसूस कर रहे हैं और वे कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं। कन्हैया कुमार इन दिनों राहुल गांधी से मुलाकात कर रहे हैं जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कन्हैया जल्द ही कांग्रेस में नजर आयेंगे। वहीं सूत्रों के मुता​बिक गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवाणी भी कांग्रेस नेतृत्व के संपर्क में हैं। और मेवाणी भी कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि पिछले विधानसभा चुनाव में उत्तरी गुजरात के बनासकांठा जिले की वडगाम सीट से उम्मीदवार नहीं उतारकर मेवाणी को सपोर्ट किया था।

वहीं, जिग्नेश मेवाणी और कन्हैया कुमार के कांग्रेस में शामिल होने की खबर को लेकर भाकपा महासचिव डी राजा ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में केवल अटकलें सुनी हैं। उन्होंने कहा, 'मैं सिर्फ इतना कह सकता हूं कि वह इस महीने की शुरुआत में हमारी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में मौजूद थे। उन्होंने बात की और विचार-विमर्श में भाग लिया था।

वहीं कुमार ने फिलहाल इन खबरों पर कोई बयान नहीं दिया है। कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार माना जा रहा है कि कन्हैया बिहार की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के इच्छुक हैं। कांग्रेस के सूत्रों ने कहा कि पार्टी का मानना ​​​​है कि कुमार और मेवाणी के प्रवेश से इसे बढ़ावा मिलेगा। बता दें कि बिहार के पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन बहुत ही खराब रहा था। कांग्रेस 70 में से केवल 19 सीटों पर ही जीत सकी थी। वहीं सहयोगी दलों राजद ने 144 सीटों पर चुनाव लड़ा, उनमें से आधे से ज्यादा पर जीत हासिल की।