कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान- बारां जिले में जल संरक्षण का महाभियान शुरू
27-28 जून को 916 रिचार्ज पिट का निर्माण प्रारंभ, 7 दिन में पूर्ण करने का लक्ष्य
बारां, 27 जून। मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी फ्लैगशिप योजना कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के तहत जिले में वर्षा जल संरक्षण एवं गिरते भू-जल स्तर को सुधारने के लिए महाभियान का शुभारंभ कर दिया गया है। इस अभियान के तहत जन सहभागिता एवं सीएसआर मद से वाटर रिचार्ज संरचनाओं का निर्माण युद्धस्तर पर प्रारंभ किया गया है।
916 रिचार्ज पिट का निर्माण शुरू
अतिरिक्त मुख्य सचिव, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग, जयपुर द्वारा बारां जिले को आवंटित लक्ष्यों की पूर्ति के लिए जिला कलक्टर द्वारा विभागवार लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। जिला कलक्टर के निर्देशन में 27 व 28 जून, 2026 को विशेष अभियान चलाकर कुल 916 वाटर रिचार्ज संरचनाओं का निर्माण प्रारंभ करवाया जा रहा है। इन सभी संरचनाओं को आगामी 7 दिवस में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि वर्तमान मानसून का अधिकतम लाभ लिया जा सके।
पहले दिन 150 कार्यों का शुभारंभ
अभियान के प्रथम दिन 27 जून, 2026 को जिले की समस्त पंचायत समितियों द्वारा एक साथ 150 रिचार्ज पिट कार्यों का शुभारंभ व प्रारंभ करवाया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्य प्रारंभ किए गए।
सभी विभाग जुटे अभियान में
इस महाभियान में जिले के सभी प्रमुख विभाग सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। नगर परिषद बारां, सभी नगरपालिकाएं, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, परियोजना निदेशक परवन प्रोजेक्ट, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, एमडी रिको, जीएमडीआईसी, एमडीसीसीडी व डीआर कॉपरेटिव, एनएचएआई, समस्त कृषि उपज मण्डियां एवं मार्केटिंग सोसायटी बारां द्वारा अपने-अपने आवंटित लक्ष्यों के अनुरूप रिचार्ज पिट निर्माण कार्य शुरू कर दिए गए हैं।
मानसून का मिलेगा सीधा लाभ
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि मानसून सक्रिय होने से पूर्व सभी रिचार्ज संरचनाएं तैयार हो जाएं, जिससे इस वर्ष की वर्षा का जल सीधे भू-जल भण्डार में संग्रहित हो सके। इससे जिले के गिरते भू-जल स्तर में वृद्धि होगी और आने वाले समय में पेयजल एवं सिंचाई की समस्या से राहत मिलेगी।
जन सहभागिता पर जोर
जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा ने बताया कि ‘कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान’ का मूल उद्देश्य अपनी मातृभूमि के प्रति दायित्व निभाते हुए जल संरक्षण में जन-जन की भागीदारी सुनिश्चित करना है। सीएसआर, भामाशाह, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आम नागरिकों से भी इस पुनीत कार्य में सहयोग की अपील की गई है।
जिला प्रशासन द्वारा सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता की मॉनिटरिंग की जा रही है। प्रत्येक रिचार्ज पिट पर सूचना पट्ट लगाना एवं कार्य से पूर्व व पश्चात फोटो e-Panchayat पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य किया गया है।