जयपुर। कर्नाटक में चल रहे हिजाब विवाद नेअब हिंसा का रूप ले लिया है। कर्नाटक के शिवमोगा में हिजाव के खिलाफ फेसबुक पोस्ट लिखने वाले 23 साल के युवक की हत्या कर दी गई है। इस हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। जिस युवक की हत्या की गई है वह बजरंग दल का कार्यकता बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक युवक का नाम हर्ष है। जिले इस हत्या के बाद बढ़ते तनाव को देखकर राज्य के गृह मंत्री अरागा जनेंद्र ने जिले के स्कूल एवं कॉलेजों को अगले दो दिनों के लिए बंद करने का आदेश दिया है।
वाहनों में लगाई आग
युवक की हत्या के बाद जिलें में घटना के विरोध प्रदर्शन में आगजनी शुरू हो गई। लोगों ने जिले के सीगेहट्टी इलाके में कई वाहनों में आग लगा दी, जिन्हें बुझाने का काम जारी है। युवक की हत्या के बाद राजनीतिक पारा गर्म हो गया हैं। फिलहाल ये बात सामने नहीं आयी है कि युवक की हत्या किस संगठन के लोगों ने की है।
पुलिस की जानकारी के मुताबिक युवक की हत्या रविवार रात करीब 9 बजे की गई। युवक के शरीर पर चाकुओं से किये गये वार के निशान मिले हैं। पुलिस ने आशंका जताई की यह हत्या हिजाब विरोध में सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखने के कारण की गई है। क्योंकि, मृतक युवक ने कुछ दिन पहले ही फेसबुक पर हिजाब का विरोध करते हुए पोस्ट लिखी जिसमें भगवा का समर्थन भी किया था।
गौरतलब है कि कर्नाटक के उडुपी के कॉलेज से शुरू हुआ विवाद अब अंतरराष्ट्रीय स्तर तक फैल चुका है। इस मामले मे पाकिस्तान और अमेरिका सहित कई देश अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कर चुके हैं।