जयपुर। दिल्ली भाजपा सांसद और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा है कि पहले केजरीवाल ने कश्मीरी पंडितो मज़ाक उड़ाया अब इसे छिपाने के लिए अपनी जान को खतरा बताकर विक्टिम कार्ड खेल रहे हैं। बता दें कि आम आदमी पार्टी ने दावा किया कि उनके आवास के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं की कथित तोड़फोड़ के बाद केजरीवाल की जान को खतरा है। इस बात पर केजरीवाल पर कश्मीरी हिंदुओं का अपमान करने का आरोप लगाते हुए गौतम गंभीर ने कहा कि अब केजरीवाल के पास इस स्थिति से बाहर निकलने का एक ही उपाय है- पीड़ित कार्ड।
गौतम गंभीर ने केजरीवाल का मजाक उडाते हुए Tweet किया,
"नमस्ते दिल्ली
कश्मीरी हिन्दुओं का अपमान करके मैं बुरी तरह फँस चुका हूँ. लाख कोशिशों और बिकाऊ इंटरव्यू के बाद भी हालात काबू में नहीं आ रहे. अब एक ही रास्ता है, विक्टिम कार्ड। भाजपा मुझे जान से मार देना चाहती है. कृपया इसे फ़ैलाने में मदद करें!
आपका प्रचारमंत्री"
बता दें कि बुधवार को केजरीवाल के आवास पर कुछ अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर तोड़फोड़ की जिसका वीडियो आम आदमी पार्टी ने साझा किया। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि पंजाब चुनाव में भारी जीत के बाद केजरीवाल की जान को खतरा है।
केजरीवाल के हालिया विधानसभा भाषण ने एक विवाद खड़ा कर दिया क्योंकि उन्होंने कहा कि यह अफ़सोस की बात है कि भाजपा को आठ साल तक सत्ता में रहने के बाद भी विवेक अग्निहोत्री की द कश्मीर फाइल्स को बढ़ावा देना पड़ रहा है। उन्होंने अपने रुख को स्पष्ट किया जिसे कश्मीरी पंडितों के खिलाफ गलत समझा गया क्योंकि उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी, विधानसभा के अंदर उनकी हंसी कश्मीरी पंडितों के लिए नहीं बल्कि भाजपा के लिए थी। केजरीवाल ने कहा, "अगर मैं केंद्र में होता, तो मैं कश्मीर फाइल नहीं बनाता। मैं इन कश्मीरी पंडितों का पुनर्वास करता, जहां से उन्हें निकाल दिया गया था," केजरीवाल ने कहा कि कश्मीर फाइलें भाजपा के लिए महत्वपूर्ण हो सकती हैं, लेकिन कश्मीरी पंडित महत्वपूर्ण हैं।