खुराना ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पर लगाया अपमानित करने का आरोप

बारां 23 फरवरी। हिन्दू जागरण मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश खुराना ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा सरकार इतने गुरूर में हो गई है कि आम आदमी और खास आदमी में फर्क नजर नहीं आ रहा। खुराना ने आरोप लगाया कि वे आज दिन में चार मूर्ति चौराहा स्थित पावर हाउस में अपनी लाइट की फाइल जमा करने गए थे। जहां भाजपा का भी धरना प्रदर्शन चल रहा था। भीड़ की मौजूदगी में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद गर्ग ने अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उनसे दलाल तक कह दिया।

ऐसे में खुराना ने कहा कि इसी तरह भाजपा गुरूर में आम नागरिक को अपमानित करेगी तो लोक सभा चुनाव में इनको मुंह की खानी पड़ सकती है। खुराना ने कहा कि उन्हें ऐसे व्यक्तियों से जान का खतरा हो सकता है या किसी के द्वारा उन पर हमला भी करवाया जा सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि भाजपा का जहां-जहां भी राज है, ऐसे गलत बोलने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्यवाही होनी चाहिए। इस सम्बंध में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद गर्ग से दूरभाष पर संपर्क किया गया। लेकिन फोन व्यस्त बता रहा था।