संवाददाता शिवकुमार शर्मा
बूंदी, 22 जून। लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने कहा कि देशभर में ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, पुरातत्व और शौर्य की धरती के रूप में बूंदी की पहचान है। यहां एग्रीकल्चर प्रोसेसिंग और पर्यटन के क्षेत्र में विपुल संभावनाएं है। श्री बिरला बुधवार को बूंदी के रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विकास कार्यों के शिलान्यास समारोह में आमजन को सम्बोधित कर रहे थे।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि किले, बावडियों, चित्रशैली, केशवरायपाटन मंदिर सहित अनेकों पुरा महत्व की संपदा से बूंदी की पहचान है, जिन्हें देखने देश और दुनियाभर से लोग यहां आते हैं। ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के साथ आधुनिक बूंदी का विकास हम सबका सपना है।
उन्होंने कहा कि बूंदी के बासमती चावल की महक भारत ही नहीं विश्व के अनेकों देशों तक फैली हुई है। पर्यटन और एग्रीकल्चर प्रोसेसिंग की विपुल संभावनाओं के दृष्टिगत विकास कर यहां के लोगों को रोजगार मुहैया करवाकर बूंदी को आर्थिक और सामाजिक रूप से नई दिशा देने के लिए प्रयास किए जा रहे है।
उन्होंने कि संपूर्ण हाडौती में पर्यटन सर्किट को विकसित किया जा रहा है। बूंदी में देशी विदेशी पर्यटकों की संख्या को बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के परिणाम आने वाले दिनों में सबके सामने होंगे। इस दिशा में यात्रियों की सुविधा के लिए रोड कनेक्टिविटी बेहतर हो रही है। आने वाले समय में दिल्ली एयरपोर्ट से बूंदी की दूरी 2 घंटे होगी। बूंदी की धरती पर एयरपोर्ट भी बनेगा। निश्चित रूप से जितनी बेहतरीन सुविधाएं होगी, उतनी समृद्धि और खुशहाली बूंदी में आएगी। अगले एक वर्ष में बूंदी में अधिकतम ट्रेनों का ठहराव हो और यात्री सुविधाएं मिले, इसके लिए प्रयास किए गए हैं।
रेलवे स्टेशन पर दिखेगी बूंदी के पुरामहत्व की झलक
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि आने वाले दिनों में बूंदी रेलवे स्टेशन बूंदी के पुरामहत्व की झलक देखने को मिलेगी। इसमें बूंदी चित्रशैली, ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों का चित्रांकन करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जन आस्था के केन्द्र केशवरायपाटन में भगवान केशवराय मंदिर के समीप चम्बल नदी के किनारों को विकसित करने की योजना बनाई जा रही है।
इससे पूर्व लोकसभा अध्यक्ष ने रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के लिए करवाए जाने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास किया। समारोह में बूंदी विधायक अशोक डोगरा, जिला कलक्टर रेणु जयपाल, रेलवे डीआरएम पंकज शर्मा, एडीआरएम रावेन्द्र सास्वत भी मौजूद रहे।