Maharashtra News : मैराथन दौड़ के दौरान गिरने से 32 वर्षीय व्यक्ति की मौत

जयपुर। पश्चिमी महाराष्ट्र के सतारा शहर में रविवार को हाफ मैराथन दौड़ते समय 32 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना एक गैर लाभकारी संगठन सतारा रनर फाउंडेशन द्वारा आयोजित सतारा हिल हाफ मैराथन (एसएचएचएम) के दौरान हुई।

पुलिस और कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि पड़ोसी कोल्हापुर जिले का रहने वाला राज पटेल 21 किलोमीटर की दौड़ के दौरान फिनिशिंग लाइन से कुछ मीटर की दूरी पर गिर गया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "उनके गिरने के बाद मैराथन आयोजक तुरंत पटेल को अस्पताल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। हमने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच की जा रही है।" आयोजकों में से एक ने कहा कि श्री पटेल एक विशेषज्ञ एथलीट के रूप में जाने जाते थे और वह एक अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी भी थे।

उन्होंने कहा कि 108 एम्बुलेंस सेवा के डॉक्टरों ने उन्हें कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन देकर उनकी जान बचाने की कोशिश की। इसके बाद श्री पटेल को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें पुनर्जीवित करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।