हिरासत में व्यक्ति की मौत, गुस्साई भीड ने पुलिस थाने में आग लगाई

जयपुर। असम के नगांव में एक पुलिस स्टेशन ​को भीड ने आग के हवाले कर दिया। दरअसल, पुलिस हिरासत में एक व्यक्ति की मौत के कारण भीड उग्र हो गई और थाने में आग लगा दी। पुलिस ने कहा कि घटना में तीन लोग घायल हो गए, जबकि तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने हालांकि कहा है कि रात में नशे की हालत में सड़क पर पाए जाने के कारण व्यक्ति को थाने लाया गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बटाद्रवा पुलिस थाने की पुलिस ने सफीकुल इस्लाम को सालनाबारी इलाके से हिरासत में लिया था और कथित तौर पर 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। भीड़ के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि रिश्वत की राशि का भुगतान नहीं करने के बाद पुलिस ने मछली बेचने वाले सफीकुल इस्लाम की हत्या कर दी। उनके परिवार ने दावा किया है कि पुलिस ने हिरासत में सफीकुल इस्लाम के साथ मारपीट की।

उनके परिवार के सदस्यों ने कहा कि जब वे आज थाने में उनसे मिलने गए थे, तो उन्हें बताया गया कि उनकी तबीयत खराब है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल पहुंचने पर परिवार को पता चला कि इस्लाम मर चुका है और उसके शव को मुर्दाघर में रख दिया गया है।