छत्तीसगढ़ में माओवादी ने किया हमला, दो पुलिसकर्मी शहीद

 छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में सोमवार को नक्सलियों द्वार  की गई गोलीबारी में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। घटना की जानकारी देते हुए जनांदगांव के पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीणा ने बताया कि यह घटना महाराष्ट्र से सटे जिले के बोरतलाव पुलिस थाना क्षेत्र में सुबह सात बजे से आठ बजे के बीच हुई, जब दो कर्मी मोटरसाइकिल पर जा रहे थे.

प्रारंभिक सूचना के अनुसार, जिला बल के हेड कांस्टेबल राजेश सिंह राजपूत और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के सिपाही अनिल कुमार सम्राट बोरतलाव पुलिस कैंप से महाराष्ट्र की सीमा की ओर जा रहे थे, उन्होंने कहा कि दोनों के पास हथियार नहीं थे।

सशस्त्र नक्सलियों के एक समूह ने उन पर गोलीबारी की। अधिकारी ने कहा कि एक कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि राज्य की राजधानी रायपुर से 180 किलोमीटर दूर स्थित घटनास्थल से भागने से पहले नक्सलियों ने उनकी मोटरसाइकिल में भी आग लगा दी.

उन्होंने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान जारी है।