जयपुर। आज 24 सितंबर से कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव के लिए नांमाकन भरने शुरू हो गये हैं। अध्यक्ष पद का चुनाव 19 अक्टूबर को होने वाला है। फिलहाल अध्यक्ष पद का प्रबल दावेदार राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को माना जा रहा है। और इसी वजह से राजस्थान की राजनीति में भी एक बडा बदलाव देखने को मिलेगा।
मुख्यमंत्री गहलोत के अध्यक्ष बनने के बाद उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना होगा। ऐसे में राजस्थान में नये सीएम की रेस शुरू हो गई है। 2 साल पहले पार्टी से बागी तेवर दिखा चुके सचिन पायलट फिलहाल राजस्थान के मुख्यमंत्री बनने की दौड में सबसे आगे चल रहे हैं। लेकिन अशोक गहलोत ऐसा आसानी से होने नहीं देंगे।
राजस्थान में अब दोनों गुटों के समर्थक खुलकर बयान देने लगे हैं। राजस्थान के चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा ने आज एक बडा बयान देते हुए कहा है कि अध्यक्ष चुनाव से पहले राजस्थान में कोई भी नया सीएम नहीं होगा। यानि 19 अक्टूबर तक अशोक गहलोत ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे। और यह भी चुनाव के बाद साफ होगा कि राजस्थान का नया मुख्यंत्री कौन होगा। उन्होनें कहा कि जो भी नाम अभी चल रहे हैं वो सिर्फ मीडिया की उपज है।
बता दें कि आज ही मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने हाल ही एक इंटरव्यू में कहा कि वे आलाकमान से अनुरोध करेंगे की अगले चुनावों को समय बहुत कम है, इसलिए राजस्थान में नेतृत्व परिवर्तन नहीं किया जाये। उन्होनें कहा कि वे चाहते हैं कि राजस्थान में सरकार रिपीट हो और इसके लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जो अच्छे काम किये उन्हें जतना के समक्ष रखना होगा। खाचरियावास ने कहा कि अलाकमान से विधायक और मंत्री कहेंगे अभी नेतृत्व परिवर्तन का सही समय नहीं है।