UP : कोल्ड स्टोरेज में बॉयलर फटने से नीचे आ गिरा लेंटर, 5 की मौत; 10 से अधिक मलबे में दबे
Meerut: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में कोल्ड स्टोरेज में विस्फोट होने से एक बड़ा हादसा हो गया. बॉयलर फटने से कोल्ड स्टोरेज का लेंटर गिर गया है। मलबे में दस से ज्यादा लोग दब गए। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। यह मेरठ के दौराला थाने का इलाका है। पुलिस स्थानीय लोगों द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. इसके साथ ही एनडीआरएफ की टीमें भी राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं।
यह कोल्ड स्टोरेज सरधना जिले के पूर्व जनप्रतिनिधि चंद्रवीर सिंह का है। वह बसपा के पूर्व विधायक हैं। चंद्रवीर सिंह अब सपा-रालोद गठबंधन में शामिल हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, कुछ मजदूर मलबे में दब गए, तो कुछ रिसाव से बेहोश हो गए हैं. घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. जेसीबी के जरिए मलबे को हटाया जा रहा है. मौके पर फायर ब्रिगेड की भी गाड़ी मौजूद है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत कार्य कर रही हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही मेरठ एडीजी जोन राजीव सभरवाल, कमिश्नर मेरठ सेल्वा कुमारी जे, डीएम, एसएसपी, सीओ, एसडीएम समेत कई अधिकारी वहां मौजूद रहे. केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी भी मौजूद रहे। सपा विधायक अतुल प्रधान की पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान, पूर्व विधायक संगीत सोम आदि भी पहुंचे हुए हैं
मेरठ कमिश्नर सेल्वा कुमारी ने इस संबंध में और जानकारी देते हुए बताया कि आग लगने से 5 लोगों की मौत हो गई। 5 गंभीर रूप से घायल हो गए है। इस हादसे में कुल 27 लोग दब गए। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है. इस घटना के बारे में मेरठ के डीएम दीपक मीणा ने कहा कि जब तक मलबे में फंसे सभी लोगों को बाहर नहीं निकाल लिया जाता तब तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहेगा. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कोल्ड रूम के अंदर बॉयलर कैसे फटा इसकी भी जांच की जाएगी। लोगों को मलबे से बाहर निकालना और उनकी जान बचाना पहली प्राथमिकता है।