राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित
बारां, 8 फरवरी। जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर की अध्यक्षता में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण तथा सहायक मतदान केंद्र, मतदान केन्द्रों का सुव्यवस्थीकरण सहित विभिन्न गतिविधियों के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मिनी सचिवालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची में पूर्व में हुए अद्यतन के बारे में सूचित किया। उन्होंने मतदान केन्द्रों का सुव्यवस्थीकरण, मतदान केन्द्रों की वर्तमान स्थिति पर सुझाव आमंत्रित किए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन संबंधी किसी भी जानकारी अथवा शिकायत के संबंध में जिला स्तर पर संपर्क किया जा सकता है। पूर्व में गत विधानसभा चुनाव में जिले में मतदान केन्द्रों के सुव्यवस्थीकरण की प्रक्रिया में मतदान केन्द्रों का पुनर्गठन, मतदान केन्द्रों का विभाजन, मतदान केन्द्रों का सृजन, भवन परिवर्तन जैसी कार्यवाही की गई है। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एसएन आमेटा, निर्वाचन समन्वयक हीरालाल वर्मा, सूचना एवं विज्ञान अधिकारी पूनम पाटनी व राजनीतिक दल प्रतिनिधि के रूप में भाजपा, कांग्रेस व आम आदमी पार्टी सहित अन्य मौजूद रहे।