महबूबा मुफ्ती की भाजपा को चुनौती, बोली दम है तो ताजमहल और अन्य स्मारकों को मंदिर में बदलने दें

जयपुर। जम्मु कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने मंगलवार को केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा पर हमला बोलते हुए कथित रूप से हिंदुओं और मुसलमानों के बीच धार्मिक विभाजन पैदा करने का आरोप लगाया।

हिंदुओं और मुसलमानों के बीच बढ़ रही खाई
उन्होंने कहा कि भाजपा मुख्य मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाना चाहती है और मुगल शासकों द्वारा निर्मित मुस्लिम मस्जिदों और विरासत स्थलों को निशाना बनाना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया, "भाजपा देश में हिंदुओं और मुसलमानों के बीच की खाई को चौड़ा करने की कोशिश कर रही है। उनके पास मूल मुद्दों का कोई जवाब नहीं है, इसलिए वे भारत में मुगल शासकों द्वारा बनाई गई मुस्लिम मस्जिदों और विरासत स्थलों के पीछे पडे हुए हैं।"

महबूबा मुफ्ती ने कहा कि, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा सरकार लोगों को रोजगार देने में असमर्थ है। महंगाई बढ़ रही है और देश की संपत्ति बिक रही है। इसलिए ध्यान भटकाने के लिए लोगों को मुसलमानों के पीछे भेजा जा रहा है। इसमें मस्जिद, ताजमहल और अन्य शामिल हैं। देश को लूट कर भाग गए लोगों से पैसे वापस लेने के बजाय, वे मुगल काल के दौरान बनी संपत्तियों को वापस लेना चाहते हैं।

गरीबी के मामले में हमारा देश बांग्लादेश, पाकिस्तान और नेपाल से भी पीछे है। उनके पास लोगों को देने के लिए कुछ नहीं है।
भाजपा को चुनौती देते हुए पीडीपी नेता ने कहा, ''अगर उनमें हिम्मत है तो ताजमहल और अन्य ऐतिहासिक स्थलों को मंदिरों में बदलने दीजिए, फिर हम देखेंगे कि इस देश का दौरा कौन करेगा.''