शराब की दुकान हटाने व चोरियों पर अकुंश लगाने को लेकर कलक्टर को सौंपे ज्ञापन
बारां 28 फरवरी। शहर के वार्ड नम्बर 43 में अस्पताल रोड पर राजकीय कन्या कॉलेज के समीप से शराब की दुकान हटाने व कृष्णा कॉलोनी में आए दिन हो रही चोरियों पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने वार्ड पार्षद विजय पिपलानी की अगुवाई में जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पार्षद पिपलानी, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ जिला संयोजक महेश अदलक्खा, भाजपा नेता सत्येंद्र गौतम, भाजपा युवा मोर्चा उपाध्यक्ष भगवती बैरवा आदि कार्यकर्ताओं ने बताया कि कन्या कॉलेज के पास स्थित शराब की दुकान के पीछे पड़े खाली प्लॉट में रोजाना बड़ी संख्या में शराबी खुलेआम शराब का सेवन करते रहते हैं। जिससे मोहल्लेवासियों सहित राहगीरों व महिलाओं को असुविधा होती है। पास ही में राधा कृष्णा मंदिर, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी योग संस्थान व क्वांटम स्कूल संचालित है। ऐसे में मंदिर आते-जाते समय श्रद्धालुओं की भावना आहत होती है।
वहीं छात्र-छात्राओं पर गलत असर पड़ता है। दूसरी ओर कॉलोनी समेत आसपास के क्षेत्र में असामाजिक तत्व सक्रिय रहने लगे हैं। कॉलोनी मे ंआए दिन चोरियां होने लगी है। कॉलोनी की गलियों में स्मैकची घूमते रहते हैं। जो निर्माण के काम आने वाली वस्तुएं सरिया, सीमेंट, पानी की मोटर, लाइट की केबल आदि चुराकर ले जाते हैं। रंगे हाथों पकड़े जाने वाले स्मैकचियों को पुलिस भी कुछ समय पश्चात ही छोड़ देती है। जो फिर से चोरियों करने लग जाते हैं। ज्ञापन में मांग की गई है कि वार्ड से शराब की दुकान को शीघ्र हटाया जाए। वहीं चोरियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए तथा स्मैकचियों को स्थाई रूप से नशामुक्ति केंद्र में भर्ती करवा दिया जाए।