मेले में दुकान लेने के लिए लग रहा व्यापारियों का मेला

मेले में दुकान लेने के लिए लग रहा व्यापारियों का मेला

नीलामी में व्यापारियों ने दिखाया जबरदस्त उत्साह, निगम ने अब तक कमाए 35 लाख

राष्ट्रीय मेला दशहरा 2022

ब्यूरो चीफ शिवकुमार शर्मा
कोटा राजस्थान

कोटा, 25 सितंबर।
राष्ट्रीय मेला दशहरा कोविड के बाद पहली बार आयोजित हो रहा है। निगम की विशेष व्यवस्थाओं और जनता के द्वारा मेले के प्रति दिख रहे रुझान से व्यापारी भी खुश हैं। गत दो दिनों से मेले में अस्थायी दुकानों की नीलामी चल रही है। व्यापारियों के रुझान को देखकर लग रहा है मानो मेले से पहले 'व्यापारियों का मेला' लगा हो। दुकानों की नीलामी निगम के ए ब्लॉक में भूतल और द्वितीय तल पर चल रही है।

मेला अध्यक्ष मंजू मेहरा ने बताया कि मेले में अस्थायी दुकानों को लेकर इस बार दुकानदारों ने जबरदस्त उत्साह दिखाया है। जिन बाजारों में सामान्य रुप से दुकानें खाली रहती आई हैं। इस बार उन बाजारों के प्रति भी रुझान है। उन्होंने बताया कि अब तक दोनों जोन में तकरीबन 100 दुकानें नीलामी द्वारा आवंटित की जा चुकी हैं। जिनसे निगम को 35 लाख की आय हुई है। अग्रिम आदेश तक अभी नीलामी जारी रहेगी।

मैनपुरी से पहली बार दशहरे मेले में दुकान लेने आए राजपाल ने बताया कि कोटा का देशभर में नाम है। कोटा दशहरे से बहुत उम्मीदे जुड़ी हैं। राजपाल की अब तक की सबसे अधिक राशि 2 लाख 60 हजार रुपये में बोली छूटी है। वे मेले में फास्टफूड की दुकान लगाने वाले हैं। राजपाल ने बताया कि कोविड के बाद बाजार के खुलने की उम्मीदे हैं।

कोटा के ही अमर पंजाबी फूड के संचालक चरण जीत सिंह ने बताया कि बाजार में मेले को लेकर उत्साह है। लोगों के सकारात्मक रुझान से बाजार बूम करेगा। उन्होंने बताया कि लोगों के उत्साह को देखकर ही वेस्ट जोन में केवल स्टोर के लिए ही 1 लाख 28 हजार में बोली लगाई है।