मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में भारी बारिश का अलर्ट जारी

जयपुर। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आगामी दो-तीन दिनों के देश के उत्तर पश्चिम राज्यों में तेज बारिश की संभावना व्यक्त की है। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में 21 जुलाई को और उत्तराखंड में 21-23 जुलाई के दौरान बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने यह भी कहा कि 21 जुलाई को ओडिशा, बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में और 23 जुलाई को झारखंड में भारी बारिश की संभावना है। मौसम कार्यालय के अनुसार, 22-24 जुलाई के दौरान ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी वर्षा होने की भी संभावना है।

आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार 20 तारीख को पूर्वी उत्तर प्रदेश में बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं, 20 और 21 तारीख को पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, पश्चिम उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश एवं 21-23 जुलाई 2022 के दौरान उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा 20 और 21 तारीख को ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की संभावना है।

आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, "गुरुवार को सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश होगी। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।" RWFC, नई दिल्ली ने भी आज राष्ट्रीय राजधानी में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान में भारी बारिश
अधिकारियों ने कहा कि राजस्थान के कई हिस्सों में भारी से बेहद भारी बारिश हुई, कोटा के डीगोड में अधिकतम 16 सेंटीमीटर बारिश हुई। पूर्वी राजस्थान के कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई।