राज्यमंत्री अशोक चांदना ने डीएमएफटी बैठक में जारी की 212.26 लाख रुपये की लागत के 57 कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृतियां

संवाददाता शिवकुमार शर्मा
बूंदी |

युवा मामले एवं खेल, कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, आपदा प्रबंधन एवं सहायता विभाग, प्रशासनिक सुधार और समन्वय विभाग, सांख्यिकी विभाग एवं नीति निर्धारण प्रकोष्ठ राज्यमंत्री श्री अशोक चांदना ने बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट की गवर्निग कॉउंसिल की बैठक ली।
बैठक में राज्यमंत्री ने निर्देश दिए कि वर्तमान में कोविड-19 के दृष्टिगत इससे जुड़े कार्यों तथा वन्य जीव रामगढ़ अभयारण के कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में राज्यमंत्री श्री चांदना ने गवर्निंग काउंसिल में मैनेजिंग कमिटी द्वारा अनुमोदित 212.26 लाख रुपये की लागत के 57 कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृतियां जारी की। इन कार्यों में सिलिकोसिस सहायता के 35, खनिज विभाग के 6, वन्य जीव रामगढ़ अभ्यारण के 3, राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय के 4, जिला परिषद के 3, पंचायत समिति तालेड़ा ग्राम पंचायत राजपुरा के 2, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डाबी के 2, राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय का एक तथा वन्य जीव रामगढ़ अभ्यारण का एक कार्य शामिल है।
बैठक में जिला प्रमुख चंद्रावती कंवर, जिला कलेक्टर रेणु जयपाल, पुलिस अधीक्षक जय यादव, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुरलीधर प्रतिहार, डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट के सदस्य सचिव पीएल सरोया, सदस्य सत्येश शर्मा, संतोष शर्मा, उमर सरपंच धनराज, उतराना सरपंच बदरी बाई, सदस्य मानसिंह मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।