पटियाला में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर लगाया प्रतिबंध, आईजी और एसएसपी का तबादला

जयपुर। पंजाब में खालिस्तानी समर्थकों और शिवसेना कार्यकर्ताओं के बीच हुई झडप के बाद पंजाब सरकार ने पटियाला में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद करने के आदेश दे दिये हैं। गृह विभाग द्वारा जारी किये गये आदेशों के अनुसार पटियाला में सुबह साढ़े नौ बजे से रात नौ बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी।

घटना के तुरंत बाद, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस तैनाती का आदेश दिया और शहर में शुक्रवार शाम 6 बजे से सुबह 7 बजे (शनिवार) तक कर्फ्यू लगा दिया। पटियाला के पुलिस महानिरीक्षक राकेश अग्रवाल ने पटियाला में संवाददाताओं से कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है।

आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
पटियाला के उपायुक्त ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, "एफआईआर दर्ज की गई हैं, छापेमारी चल रही है। हम जनता से शांति बनाए रखने की अपील करते हैं। सरकार द्वारा अत्यधिक सावधानी के एक कदम के रूप में आज सुबह 9.30 से शाम 6 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित रहेंगी। एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।"
पटियाला के आईजी, एसएसपी का किया तबादला
पंजाब में इस घटना के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर पंजाब सरकार ने शनिवार को पटियाला रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी), पटियाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि मुखविंदर सिंह चिन्ना को नया आईजी पटियाला नियुक्त किया गया है।
गौरतलब है कि शिवसेना समर्थकों के द्वारा खालिस्तान के विरोध में मार्च निकालने पर सिक्ख समुदाय और शिवसेना के बीच हिंसक झडप हो गई।