जयपुर। शुक्रवार को मुंबई में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आयी। एक 32 वर्षीय महिला के साथ रेप करके उसे बेरहमी से मारा। जिसके बाद पीडित महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पीड़िता ने राजावाड़ी अस्पताल में 36 घंटे तक जिंदगी के लिए संघर्ष किया।
रेप करने वाले आरोपी को घटना के कुछ घंटों के भीतर सीसीटीवी फुटेज की मदद से पहचान कर गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने बेरहमी और क्रुरता की सारे हदें पार कर दी और पीड़िता के निजी अंगों में पाइप डाल दिया। मुंबई के साकी नाका में 30 साल की महिला से रेप के आरोपी शख्स को स्थानीय पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी एक ड्राइवर है।
शुक्रवार सुबह करीब 3.15 बजे चांदीवली स्टूडियो के पास एक सुरक्षा गार्ड ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर सूचना दी कि एक महिला को पीटा गया है।
डीसीपी महेश्वर रेड्डी ने कहा कि साकीनाका पुलिस टीम 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंची और घायल महिला को एक खड़े टेंपो वाहन में खून से लथपथ पाया, उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डीसीपी के मुताबिक गंभीर चोट के कारण महिला की सर्जरी की गई और इस दौरान उसकी मौत हो गई।
डॉक्टर की रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता को योनि, पेरिनेम और गुदा में घाव हो गया है।
पुलिस ने कहा, आरोपी पर हत्या, बलात्कार, अप्राकृतिक अपराध और यौन उत्पीड़न के लिए आईपीसी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस घटना के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने घटना पर गंभीरता से संज्ञान लिया है। वहीं, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी इस घटना को गंभीरता से लिया है और संबंधित अधिकारियों के साथ इस पर चर्चा कर रहे हैं, जबकि विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि वह इस घटना से स्तब्ध हैं। दूसरी तरफ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता नवाब मलिक ने पीड़िता के निधन पर शोक व्यक्त किया और मामले की जल्द जांच करके आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।