जयपुर। उत्तर प्रदेश की सरकार हमेशा से योगी राज में अपराधमुक्त उत्तर प्रदेश का दावा करती रही है, लेकिन सच्चाई कुछ और ही है। उत्तर प्रदेश में अपराधी इस तरह से बेखौफ खूम रहे हैं कि आये दिन लूट, हत्या, बलात्कार कर रहे हैं। इन बेखौफ बदमाशों ने एक ऐसी ही घटना को अंजाम यूपी के सहारनपुर में दिया है। सहारनपुर में मुजफ्फरनगर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार के मीडियाकर्मी की सहारनपुर में पीट पीट कर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
गांव दतौली रांघड की घटना
पुलिस के मुताबिक मृतक मीडियाकर्मी सुनील सैनी चिलकाना कस्बे के रहने वाले थे। गांव दतौली रांघड में बाइक से जाते उनकी बाईक कार से लग गई। इस बात को लेकर कार में सवार तीन लोगों से उनकी कहासुनी हो गई और कार में सवार तीन आरोपियों ने पीट-पीटकर सुनील को अधमरा कर दिया और पास में पानी के गढ्ढे में फेंक दिया। घटना के बाद तीनों कार सहित वहां से फरार हो गए। आरोपियों के फरार होने के दौरान ग्रामीणों ने कार का नंबर नोट कर लिया था। ग्रामीणों की सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक पत्रकार की मौत हो चुकी थी।
दो आरोपी गिरफ्तार
ग्रामीणों ने पुलिस को बदमाशों के कार नंबर बताये जिसके आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक आरोपी अभी भी फरार है। तीन के खिलाफ देहात कोतवाली में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।