कोटा (शिवकुमार शर्मा) शिक्षा नगरी कोटा को जल्दी साईंस पार्क की सौगात मिलेगी, स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत विज्ञान पार्क के प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के राष्ट्रीय विज्ञान परिषद एवं म्यूजियम विभाग, डीएसटी जयपुर एवं नगर विकास न्यास के दल द्वारा गरूवार को ऑक्सीजोन पार्क में किया गया।
नगर विकास न्यास सचिव राजेश जोशी ने बताया कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत प्रस्तावित विज्ञान पार्क शिक्षा नगरी कोटा के लिए बडी उपलब्धी होगी। इसमें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुडे आधुनिक मॉडल, विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी नवीन खोज, आविष्कार आदि का प्रदर्शन देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि कोटा में मेडिकल एवं आईआईटी की कोचिंग लेने देशभर के युवा आते है विज्ञान पार्क बनने से देशभर के युवाओं को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की जानकारी मिल सकेगी।
उन्होंने बताया कि टीम में नेशनल काउंसिल ऑफ साईंस म्यूजियम, मिनिस्टरी ऑफ कल्चर, भारत सरकार के निदेशक, चीफ इंजिनियर, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, डीएसटी जयपुर, प्रोजेक्ट ऑफिसर डीएसटी कोटा, रिचर्स ऑफिसर, डीएसटी कोटा ने न्यास के अधीक्षण अभियन्ता, सहायक अभियन्ता एवं कनिष्ठ अभियन्ता के साथ संयुक्त मौका निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित साईंस पार्क की भूमि मुख्य नेशनल हाईवे एनएच 52 (झालावाड़ रोड़) से मात्र 150 मीटर अन्दर है, की उपर्युक्तता के लिए नेशनल कांउसिल ऑफ साईंस म्यूजियम की विशेषज्ञ टीम द्वारा विस्तृत परीक्षण कर साईट फोटो लिये गये।
उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए राज्य अंश 8 करोड़ 65 लाख रूपये का भुगतान कोटा स्मार्ट सिटी द्वारा किया जायेगा एवं केन्द्र सरकार द्वारा 6 करोड़ 55 लाख का वहन किया जायेगा। इस प्रकार का साईंस म्यूजियम राज्य में इससे पहले जयपुर, जोधपुर में बन चुके है एवं उदयपुर में निर्माणाधीन है। साईंस म्यूजियम का संचालन विज्ञान ऑफ प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा किया जायेगा।