नेहरू युवा केन्द्र द्वारा राष्ट्रीय युवा दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित, युवाओं ने परिचर्चा की, सांस्कृतिक गतिविधियों में दिखाया उत्साह

-युवा स्वयं की शक्तियों को पहचानें: तिवारी

बूंदी, 12 जनवरी। नेहरू युवा केन्द्र, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वाधान में राष्ट्रीय युवा दिवस का जिलास्तरीय आयोजन नैनवॉं रोड़ स्थित एक निजी रिसोर्ट(होटल शगुन) में संपन्न हुआ। स्वामी विवेकानंद की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से शुरू हुए कार्यक्रम में दिनभर सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, युवा-परिचर्चा, लाइव संदेश प्रसारण, पारितोषिक वितरण, जनचेतना रैली, सड़क सुरक्षा सहित विविध कार्यक्रम आयोजित किये गये।


आयोजन की अध्यक्षता असिस्टेंट प्रोफ़ेसर डॉ. सर्वेश तिवारी ने की। विशिष्ट अतिथि एन एस एस प्रभारी डॉ.सीमा चौधरी, स्वामी विवेकानंद विद्यालय के निदेशक गुरमीत सिंह, कबड्डी संघ सचिव लोकेश सुखवाल रहे। बतौर अतिथि छात्रसंघ महासचिव देवेश कलोसिया, जिला समन्वयक यूनिसेफ रिचा कुमारी मंचासीन रहे।

 युवा परिचर्चा की अध्यक्षता कर रहे तिवारी ने आत्मकथा बताते हुए युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि युवा अपने डर, झिझक से उबरें व लक्ष्य भेद करें। विवेकानंद जी के प्रसंगों का वर्णन करते हुए कहा कि युवा स्वयं की शक्तियों को पहचाने, स्वविवेक से निर्णय लेने की क्षमता में अभिवृद्धि कर युवा राष्ट्र निर्माण में योगदान दे। यूनिसेफ समन्वयक रिचा कुमारी, एनएसएस प्रभारी डॉ. सीमा चौधरी ने युवाओं को सोशल मीडिया पर समय व्यर्थ करने की बजाय रचनात्मक एवं क्रियात्मक गतिविधियों में भाग लेने की सलाह दी। विशिष्ट अतिथि लोकेश सुखवाल, देवेश कलोसिया ने युवाओं को भविष्य हेतु दिशा बोध दिया एवं स्वामी विवेकानंद से सीख लेकर उनके आदर्शों को जीवन में चरितार्थ करने पर बल दिया। युवा-परिचर्चा के बाद महाराष्ट्र से माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का लाइव प्रसारण युवाओं को दिखाया गया एवं परस्पर संवाद किया गया।

युवाओं ने दी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, केन्द्र ने किया पुरस्कृत

कार्यक्रम समन्वयक भूपेन्द्र योगी ने बताया कि युवा प्रतिभागियों उर्मिला, उबेज, मंदिरा,तमन्ना,राहुल,अमन एवं राजस्थानी ग्रुप ने राजस्थानी संस्कृति पर आधारित विभिन्न कलात्मक नृत्य एवं रंगारंग प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। प्रतिभागियों को नेहरू युवा केन्द्र द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं पारितोषिक स्मृति चिह्न देकर पुरस्कृत किया गया। जिला स्तर पर विजेता गार्गी भारद्वाज ने स्वामी विवेकानंद के जीवन को चरितार्थ करते हुए स्वागत भाषण दिया। केन्द्र के बालूलाल वैष्णव ने आभार प्रकट किया। संचालन युवा विकास कार्यक्रम से जुड़े नीरज पोसवाल ने किया। राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक विजय वर्मा, शिवराज गोचर, नितेश विधानी, गोविंद प्रजापत आदि मौजूद रहे।

युवा पढायेंगे सड़क सुरक्षा का पाठ

मुख्य प्रशिक्षक यातायात प्रभारी बहादुर सिंह ने युवाओं को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह की जानकारी देते हुए यातायात नियमोें की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमोें का पालन कर हम केवल स्वयं की ही नहीं, अपितु सम्पूर्ण राष्ट्र के नागरिकों की सड़क दुर्घटना से रक्षा में योगदान देते हैं। उन्होंने चयनित 25 युवा संभागियों को यातायात नियमोें का प्रशिक्षण दिया, ये युवा सप्ताहभर शहर के विभिन्न चौराहों पर जागरूकता अभियान चलायेंगे व बूंदी पुलिस के सहयोग से ट्रैफ़िक-व्यवस्था में योगदान देंगे। कार्यक्रम के अंत में शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए युवा जनचेतना रैली निकाली गयी, जो बहादुर सिंह सर्किल, तीन बत्ती चौराहा, जिला कलेक्ट्रेट, अस्पताल से अहिंसा सर्किल होते हुए वापस कार्यक्रम स्थल पर समाप्त हुई, रैली में तख्तियों, झंडो, जनचेतना नारों के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ाया गया।