श्री कृष्ण गोशाला अजीतगढ़ के पदाधिकारियों ने सफाई के लिए किया श्रमदान

-मुख्यद्वार और मवेशियों के पेयजल खेली से सामने से अवैध पार्किंग हटाने के लिए की समझाइश

शाहपुरा न्यूज - श्री कृष्ण गोशाला अजीतगढ़ के पदाधिकारियों ने शनिवार को दो घंटे सफाई के लिए श्रमदान कार्य किया तथा गोशाला मुख्यद्वार और मवेशियों के लिए पेयजल खेली के सामने अवैध पार्किंग करने वाले वाहन चालकों से समझाइश की। जानकारी मुताबिक शनिवार को गोशाला अध्यक्ष चैतन्य मीणा के नेतृत्व में सचिव मूलशंकर शर्मा, व्यवस्थापक महेश दीवान, सह व्यवस्थापक जगदीश प्रसाद स्वामी, कार्यकारिणी सदस्य नील कमल सिखवाल, पवन कुमावत आदि पदाधिकारियों ने सफाई के लिए श्रमदान कार्य किया। इसके तहत गोशाला के मुख्य द्वार के पास निराश्रित गोवंश व अन्य मवेशियों के लिए बनी पानी की खेली की सफाई करके उनसे सामने तथा बगीची की और अनावश्यक लगी झाड़ियों, टहनियों को हटाया।

इस दौरान गोशाला मुख्यद्वार पर और खेली के सामने की जा रही वाहनों की अवैध पार्किंग से गोवंश को पेयजल तथा गोशाला में आने वालो को आवागमन में समस्या से परेशान होकर गोशाला कार्यकारिणी ने वाहनों को अवैध पार्किंग से हटाने के लिए समझाइश की। गोशाला कार्यकारिणी और पदाधिकारियों ने कहा कि वाहन चालकों को बार बार समझाइश के बावजूद भी मुख्यद्वार और पानी की खेली के सामने लगाने से बाज नहीं आ रहे है। अगर अब वाहन अवैध पार्किंग बनाकर गोशाला की व्यवस्थाओं को प्रभावित करेंगे तो मजबूरन कठोर कार्रवाई की जाएगी। सफाई अभियान के दौरान वक्ताओं ने कहा कि श्री कृष्ण गोशाला अजीतगढ आजादी से पूर्व की स्थापित गोशाला है।

जिसकी स्थापना वर्ष 1945 में हुई तथा कृषि भूमि के साथ ही वर्तमान में चारदीवारी बनी हुई है। गत 4 माह पूर्व बनी नई कार्यकारिणी के कार्यों के बाद अब शहर के गोभक्त अपने सुअवसर जन्मदिन, विवाह की वर्षगांठ आदि को गायों की सेवा कार्य के साथ मनाने लगे है। शनिवार को गर्वित कुमावत ने अपने परिजनों के संग 6 वाँ जन्मदिन गायों को हरा चारा, गुड आदि खिलाकर मनाया। इस दौरान गोशाला कार्यकारिणी ने भी सम्मान देकर गौसेवा करने के संदेश को प्रसारित करने की बात कही।