जयपुर न्यूज डेस्क। आगामी 15 अगस्त को देश आजाद हुए पूरे 75 साल हो जाएंगे। आजादी की 75वीं वर्षगांठ को देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी मनाया जाएगा। आजादी के इस अमृत महोत्सव पर अमेरिका के बोस्टन में 2 दिन खास जश्न मनाया जाएगा। इस जश्न का आयोजन फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएट्स न्यू इंग्लैंड "आजादी का अमृत महोत्सव" के बैनर तले मनाया जाएगा।
आजादी के अमृत महोत्सव के इस खास जश्न में 32 देशों के प्रतिभागी सांस्कृतिक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे जोकि बोस्टन हार्बर में इंडिया स्ट्रीट पर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान भारत दिवस परेड का भी आयोजन किया जायेगा जहां 32 देशों के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।
मैसाचुसेट्स के गवर्नर चार्ली बेकर ने भारत के स्वतंत्रता दिवस समारोह को भारत दिवस मनाने की घोषणा की है। गवर्नर ने बताया कि इस समारोह पर 14 अगस्त को रोड आइलैंड के स्टेट हाउस पर जश्न मनाया जाएगा और 15 अगस्त को बोस्टन मैसाचुसेट्स के इंडिया स्ट्रीट में मनाया जाएगा। आजादी के जश्न के दौरान बोस्टन के ऊपर 220 फीट का राष्ट्रीय ध्वज पहनाया जाएगा। बता दें कि, यह पहली बार है जब अमरीका की धरती पर भारतीय स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इस प्रकार का आयोजन किया जा रहा है।