पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 99 वीं जयंती के अवसर पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की

-विधायक शैलेश सिंह, जवाहर सिंह के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम किया आयोजित

डीग, भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर सोमवार को डीग जिले के जिला मुख्यालय, नगर निकाय, पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत स्तर पर सुशासन दिवस का आयोजन किया गया । जिला मुख्यालय पर किशन लाल जोशी उच्च माध्यमिक विद्यालय, डीग में डीग-कुम्हेर विधायक शैलेश सिंह, नगर विधायक जवाहर सिंह बेडम  के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया । कार्यक्रम में विधायक द्वारा वाजपेयी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर उन्हें याद किया गया और जनप्रतिनिधियों एवं कार्मिकों को सुशासन की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही अध्यापकों और छात्र-छात्रों द्वारा अटल विचार संगोष्ठी एवं अटल कविता का पठन किया गया । विधायक डीग-कुम्हेर शैलेश सिंह ने अटल बिहारी वाजपेयी के जयंती के अवसर पर डीग वासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी और महाराजा सूरजमल के शहादत दिवस पर उन्हें याद किया।

उन्होंने अटल के जयंती पर परमाणु परीक्षण, किसान क्रेडिट कार्ड, राष्ट्र में सड़क निर्माण और नदियों को जोड़ने का कार्य और कारगिल युद्ध में उनका योगदान को याद किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हीं के मार्गदर्शन में अटल जयंती को गुड गवर्नेंस डे के रूप में मनाया जा रहा है और वे पूरी कोशिश करेंगे जिससे की डीग में सुशासन स्थापित किया जा सके । विधायक नगर जवाहर सिंह ने वाजपेयी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सुशासन दिवस के मौके पर पारदर्शिता स्थापित करने और अंतिम छोर के व्यक्ति तक सरकार द्वारा चलाए जा रहे योजनाओं के लाभ पहुंचाने और उन्हें मुख्यधारा में जोड़ने का आश्वासन दिया।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकासशील भारत को विकसित भारत की ओर ले जाने का काम किया जा रहा है । उल्लेखनीय है कि वाजपेई के जयंती पर वर्ष 2014 से भारत सरकार द्वारा 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है। सुशासन दिवस आयोजित करने का उ‌द्देश्य उत्तरदायी, पारदर्शी एवं जवाबदेही प्रशासन हेतु सुशासन विचारों से अवगत करवाना है। साथ ही दिनांक 25.12.2023 से 31.12.2023 तक स्वच्छता सप्ताह आयोजित किया जाएगा और लंबित जन अभियोग परिवादों का अधिकतम निस्तारण किया जाएगा । इस अवसर पर जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डीग देवेंद्र परमार, उपखंड अधिकारी डीग डॉ रवि गोयल, उपनिदेशक पशुपालन विभाग डॉ भावना यादव, मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ मानसिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।