जयपुर। पाकिस्तान के प्रधान मंत्री इमरान खान ने इच्छा जताई है कि वे भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से टेलिविजन पर बहस करना चाहते हैं। इमरान ने कहा कि वह दोनों पडोसी देशों के बीच मतभेद को सुलझाने के लिए श्री नरेंद्र मोदी के साथ टीवी पर बहस करना चाहेंगे।
इमरान की इस चाहत पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने मीडिया को निशाने पर लेकर एक ट्विट किया जिसमें उन्होंने कहा कि वे इमरान खान की बात से सहमत हैं लेकिन भारत के टीवी चैलन्स पर डिबेट करने से मुद्दे हल नहीं होंगे बल्कि और बढ़ जायेंगे।
इमरान खान की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थरूर ने ट्वीट किया, "प्रिय @ImranKhanPTI, सहमत हैं यह 'जुबानी युद्ध-युद्ध से बेहतर हैं', लेकिन भारतीय टेलीविजन बहसों में कोई भी मुद्दा कभी हल नहीं होता है, केवल तेज होता है!" तिरुवनंतपुरम के सांसद ने कहा, "और हमारे कुछ एंकरों को तीसरे विश्व युद्ध को भड़काने में खुशी होगी अगर इससे उनकी टीआरपी बढ़ेगी …"।
गौरतलब है कि पाकिस्तान के प्रधान मंत्री ने रूस के सरकारी टेलीविजन नेटवर्क आरटी के साथ एक इंटरव्यू के दौरान यह टिप्पणी की। इमरान खान ने एक सवाल के जवाब में कहा, 'मैं नरेंद्र मोदी के साथ टीवी पर बहस करना पसंद करूंगा। उन्होंने कहा कि यह उपमहाद्वीप के एक अरब से अधिक लोगों के लिए बहुत अच्छा होगा यदि पाकिस्तान और भारत के बीच मतभेदों को एक बहस के माध्यम से सुलझाया जा सकता है। मास्को की अपनी पहली दो दिवसीय यात्रा की पूर्व संध्या पर इमरान खान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ और प्रमुख क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार करेंगे।