पीएम जनमन योजना - सहरिया जनजाति परिवारों के स्वीकृत आवासों का भूमि पूजन
बारां, 22 जनवरी। जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने बताया कि भारत सरकार द्वारा केन्द्रीय बजट भाषण 2023-24 में की गई घोषणा के अनुसार जिले में सहरिया जनजाति परिवारों के बसावटों की सामाजिक आर्थिक स्थितियों में सुधार के लिए प्रधानमंत्री पीवीटीजी विकास मिशन शुरू किया गया है। पीएम जनमन योजना के तहत आवासीय कार्यक्रंम में कच्चे आवासों में रहने वाले सहरिया जनजाति परिवारों के लिए पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए पात्र हितग्राहियों के स्वीकृत आवासों का सोमवार को भूमि पूजन किया गया।
विधायक ललित मीणा ने आवास योजना के पात्र हितग्राही हेमराज, रीनाबाई, धुला, सीताबाई, गुड्डी बाई, पप्पु, दशरथ, रेवड़ी लाल, प्रहलाद, कोमल आदि हितग्राहियों को आवास निर्माण की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि पीएम जनमन योजना के तहत सभी पात्र सहरिया जनजाति परिवारों को पक्के आवास के लिए राशि दी जाएगी।
विधायक ललित मीणा ने ग्राम पंचायत बजरगंगढ के अहमदा में सहरिया परिवारों के पात्र हितधारकों के आवास के लिए भूमि पुजन किया। विधायक ललित मीणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के द्वारा पीएम जनमन योजना को शुरू करने का मुख्य उद्देश्य जिले के सहरिया जनजाति समुदाय के नागरिकों का विकास सुनिश्चित करना है ताकि सहरिया जनजाति की जिंदगी में बदलाव लाकर उनका कल्याण किया जा सके। इसलिए इस योजना के माध्यम से सहरिया परिवारों को सड़क और दूरसंचार कनेक्टिविटी, बिजली पहुंचाने, सुरक्षित आवास, स्वच्छ पेयजल, सुविधा उपलब्ध करने का काम किया जा रहा है। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण तक इन की पहुंच बनाने के लिए बुनियादी सुविधा और जरूरत को पूरा करने का काम किया जाएगा।
जिला परिषद सीईओ कृष्णा शुक्ला ने ग्राम पंचायत बासधूनी, हीरापुर में उपस्थित होकर सहरिया परिवारों के साथ आवास निर्माण हेतु भूमि पुजन किया गया। जिला परिषद सीईओ कृष्णा शुक्ला ने कहा कि 8 हजार 532 सहरिया परिवारों को प्रथम किस्त के रुप में 90 हजार रुपए की राशि प्रत्येक हितग्राही को स्वीकृति कर दी गई है। जिले में प्रधानमंत्री आदिवासी न्याय महाअभियान के तहत पक्के आवास देने के लिए 8 पंचायत समितियों में निवासरत आवासहीन सहरिया जनजाति परिवार का सर्वे किया गया है।
जिसके तहत प्रत्येक पात्र सहरिया परिवार को पक्के आवास देने के लक्ष्य रखे गए है। कृष्णा शुक्ला ने बताया कि प्रथम चरण के तहत जिले की 8 पंचायत समितियों के 299 ग्रामों का चयन किया गया हैं जिनमें लगभग 39256 सहरीया परिवार निवासरत है। योजना के तहत पात्र पाए गए सहरिया जनजाति परिवारों को 15 जनवरी 2024 को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सहरिया परिवारों के लिए पक्के आवास हेतु स्वीकृतियां जारी कर 90 हजार रूपए की प्रथम किश्त पात्र लाभार्थी के लिए स्वीकृत कर दी थी। पीएम जनमन योजना के तहत पात्र सहरिया परिवारों को पक्के आवास के लिए 2 लाख 35 हजार कुल राशि दी जाएगी। इस अवसर पर एसडीएम अरूण कुमार जैन, सरपंच दुर्गाशंकर नागर, जिला परिषद सदस्य लोकेश बाई मीना, पंचायत समिति सदस्य धनराज नागर, गोविन्द सिहं राजावत विकास अधिकारी सुर्य प्रकाश जारवाल तहसीलदार अभयराज सिहं आदि मौजूद रहे।