जयपुर। पश्चिमी बंगाल के बीरभूम में हुई हिंसा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख प्रकट किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि "मैं आशा करता हूं राज्य सरकार बंगाल की महान धरती पर ऐसा जघन्य पाप करने वालों को ज़रूर सज़ा दिलवाएगी।" उन्होंने आगे कहा, "मैं बंगाल के लोगों से भी आग्रह करूंगा कि वे ऐसी वारदातों को अंजाम देने वालों को, ऐसे अपराधों को बढ़ावा देने वालों को और उनका समर्थन करने वालों को कभी माफ न करें।"
केंद्र सरकार मदद करेगी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं राज्य सरकार से आग्रह करुंगा कि वे जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़कर उन्हे कड़ी से कड़ी सजा दिलाएं। केंद सरकार राज्य सरकार की हर संभव मदद करने के लिए तैयार है।
गौरतलब है कि 21 मार्च को पश्चिमी बंगाल के बीरभूम जिले के बोगटुई गांव में तृणमूल कांग्रेस के नेता और उप प्रधान भादू शेख की हत्या कर दी गई थी जिसके बाद 21 मार्च की रात को उपद्रवियों ने करीब 1 दर्जन से अधिक घरों में आग लगा दी। सूत्रों के मुताबिक इस घटना में 8 लोगों की जलकर मौत हो गई।
मामले की जांच के लिए ममता सरकार ने एसआईटी का गठन कर दिया है जिसके अध्यक्ष पुलिस महानिदेशक (CID) ज्ञानवंत सिंह को बनाया गया है। वहीं, इस मामले पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार से घटना पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। कलकत्ता हाई कोर्ट ने भी मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए बीरभूम पुलिस से 24 घंटे के अंदर रिपोर्ट तलब की थी।