पीएम श्री मोदी जनमन योजना के लाभार्थियों से करेंगे संवाद, जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह ने संवाद स्थल समरानियां का किया निरीक्षण
-15 जनवरी को वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री सहरिया जनजाति के लाभार्थी करेंगे संवाद
बारां, 9 जनवरी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी पीएम-जनमन योजना के तहत ग्राम पंचायत समरानियां के सहरिया जनजाति के लाभार्थियों के साथ 15 जनवरी को वर्चुअल संवाद करेंगे। भारत सरकार ने इसके लिए बारां जिले के ब्लॉक शाहाबाद के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय समरानियां को चयनित किया है। जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान कार्यक्रम की पूर्व तैयारियां, सुरक्षा व्यवस्था, कार्य प्रगति व कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मंगलवार को समरानियां में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक ली। साथ ही जिला कलक्टर श्री रोहिताश्व व एसपी राजकुमार चौधरी ने संवाद स्थल का मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने कहा कि 15 जनवरी को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय समरानियां में जनमन के तहत प्रधानमंत्री सहरिया जनजाति के लाभार्थियों से संवाद करेंगे।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल का चयन करते हुए वहां एलईडी, विघुत व्यवस्था, पेयजल, साउंड, बेक ड्रोप, स्टेज, ड्रोन कैमरा, फूलों की रंगोली, जनरेटर, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए है। उन्होंने ग्राम विकास विभाग, शिक्षा, स्वास्थ्य, बाल विकास, विद्युत सहित अन्य विभागों को सहरिया जनजाति के लोगों को केंद्र की योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए हैं। जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि सहरिया क्षेत्र में सर्वे करते हुए वहां केंद्र सरकार की योजनाओं से हुए लाभान्वित परिवारों व जो परिवार योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह गए हैं उनकी रिपोर्ट भी उपलब्ध कराएं। जिससे वंचित रह गए परिवारों को योजनाओं से लाभाविंत किया जा सकेगा।
जिला कलक्टर श्री रोहिताश्व ने बताया कि पीएम जनमन योजना के तहत 9 केन्द्रीय मंत्रालयों के माध्यम से 11 महत्वपूर्ण गतिविधियों का क्रियान्वयन किया जाना है। इन गतिविधियों में पक्के घर का प्रावधान, पक्की सड़क, नल से जल-समुदाय आधारित पेयजल, छात्रावासों का निर्माण, मोबाइल मेडिकल यूनिट, आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से पोषण, बहुउद्देशीय केन्द्रों का निर्माण, घरों का विद्युतीकरण, सोलर पावर, इंटरनेट तथा मोबाइल सर्विस की उपलब्धता और आजीविका संवर्धन हेतु कौशल विकास शामिल हैं। इस योजना का मुख्य लक्ष्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों का संपूर्ण विकास करना है। इन सभी गतिविधियों का क्रियान्वयन मिशन मोड में तीन वर्ष की अवधि में पूर्ण कर सभी बसाहटों को आवश्यकतानुसार अधोसरंचनात्मक रूप से सुदृढ़ बनाना है।
संवाद कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक राजकुमार चौधरी ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवाद स्थल पर निगरानी रखने के लिए सुरक्षा कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर एडीएम एसएन आमेटा, जिला परिषद सीईओ कृष्णा शुक्ला, एसडीएम पूजा मीणा, अरूण जैन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।