जयपुर। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ थप्पड़ मारने वाले बयान को लेकर केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री नारायण राणे बुरी तरह फंस गये हैं। मंत्री को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। थप्पड़ वाले बयान के बाद बीजेपी और शिवसेना पार्टी के समर्थक आमने सामने हो गये। राणे के समर्थक और शिवसेना के सदस्य जुहू में भी भिड़ गए जहां पथराव की भी खबर है। घटना में दो लोग घायल हो गए। शिवसेना सदस्यों ने राणे के घर पर काली स्याही और अंडे फेंके। मलाड पूर्व में राणे के विरोध में शिवसेना के प्रदर्शनकारी भी सड़कों पर उतर आए। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त संदीप कार्णिक ने कहा कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए उन्हें लाठीचार्ज करना पड़ा।
रत्नागिरी की एक सत्र अदालत द्वारा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ उनकी 'थप्पड़' टिप्पणी के संबंध में उनकी ट्रांजिट अग्रिम जमानत याचिका खारिज करने के बाद गिरफ्तार किया गया था। जिला मजिस्ट्रेट बी एन पाटिल ने कहा कि राणे को रत्नागिरी पुलिस ने सभी कानूनी विकल्पों के समाप्त होने के बाद हिरासत में लिया था।
इस बीच, शिवसेना सदस्यों ने जुहू में राणे के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
रत्नागिरी जिले के चिपलून दौरे पर जन आशीर्वाद यात्रा पर निकले राणे ने मंगलवार को कहा कि उन्हें सीएम ठाकरे के बारे में विवादित टिप्पणी करने का कोई अफसोस नहीं है। "मैंने कोई अपराध नहीं किया है। मुझे इसका पछतावा क्यों होना चाहिए?"
राज्य बीजेपी राणे के समर्थन में आई है और कार्रवाई को सियासी बदला बताया है. महाराष्ट्र बीजेपी प्रमुख चंद्रकांत पाटिल ने कहा, ‘उद्धव ठाकरे ने भी लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ ऐसी ही भाषा का इस्तेमाल किया था.