संवाददाता विष्णु भारद्वाज
बारां |
पंचायती राज चुनाव 2021, सर्द सुबह में ठिठुरन के बावजूद मौसम में चुनाव की गर्माहट बनी रही। मतदाता सुबह 7.30 बजे से ही मतदान केन्द्रों पर पहुंचना शुरू हो गए थे। पंचायती राज आम चुनाव के तहत रविवार को जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य पद के लिए जिले की अटरू, छबड़ा व छीपाबड़ौद पंचायत समिति क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्वक हुआ। कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच सभी 425 मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं ने पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र विजय ने जिला पुलिस अधीक्षक कल्याणमल मीणा के साथ पंचायत समिति अटरू, छबड़ा एवं छीपाबड़ौद के विभिन्न मतदान केन्द्रों का मतदान प्रारंभ होने के साथ ही निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अर्डान्द, कवाई, टांचा सहित विभिन्न ग्राम पंचायत मुख्यालयों के मतदान केन्द्रों का जायजा लिया तथा मतदान कार्मिकों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए। जिला निर्वाचन अधिकारी विजय ने बताया कि जिले में पहले दौर का मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा है एवं मतदाताओं ने भयमुक्त वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े बन्दोबस्त किए गए थे। सभी चुनाव अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस बल के जवानों, प्रबुद्ध नागरिकों आदि ने चुनाव से संबंधित अपने दायित्वों का कुशलता से निर्वहन करते हुए लोकतंत्र के उत्सव को सफल बनाया।
प्रथम चरण में तीनों पंचायत समितियों में अटरू के 15 वार्डों, छीपाबड़ौद के 19 वार्डों व छबड़ा के 15 वार्डों में चुनाव हुए। तीनों पंचायत समिति क्षेत्र में जिला परिषद के कुल 11 वार्ड सम्मिलित थे। मतदान के लिए कुल 418 मतदान केन्द्र व 7 सहायक मतदान केन्द्र स्थापित किए गए, जिनमें अटरू में 150, छीपाबड़ौद में 172, छबड़ा में 103 मतदान केन्द्रों पर सुबह 7.30 बजे से मतदान प्रारंभ हुआ। इससे पहले मतदान दलों ने चुनाव एजेंटों की मौजूदगी में मॉक पोल का प्रदर्शन किया। मतदान केन्द्रों पर मान्य पहचान दस्तावेज के साथ पहुंचे मतदाताओं ने ईवीएम मशीन के माध्यम से पसंदीदा अभ्यर्थी के पक्ष में मताधिकार का प्रयोग किया। कई मतदान केन्द्रों पर सर्दी के बावजूद मतदाताओं की कतारें नजर आई। दोपहर के समय मतदान की गति धीमी रही। मतदान सामप्ति से पहले एक बार फिर मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की आमदरफ्त बढ़ गई। शाम 5.30 बजे तक मतदाताओं के आने का सिलसिला बना रहा। देर शाम मतदान दलों का जिला मुख्यालय पर लौटना शुरू हो गया था।