प्राईवेट स्कूल एसोसिएशन ने दिया ज्ञापन, आरटीई भुगतान नहीं हुआ तो करेंगे आंदोलन

बारां 29 जनवरी। प्राईवेट स्कूल एसोसिएशन द्वारा जिलाध्यक्ष मुकेश शर्मा क्वांटम की अगुवाई में आरटीई राशि के भुगतान की मांग को लेकर सोमवार को जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर को ज्ञापन दिया गया। मीडिया प्रभारी राजेश पंकज ने बताया कि सभी स्कूल संचालक अस्पताल रोड स्थित मां अम्बिका स्कूल में एकत्रित हुए। जहां से दुपहिया वाहनों से मिनी सचिवालय पहुंचे। जहां कलेक्ट्रेट के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने प्रदर्शन किया और जिलाध्यक्ष शर्मा ने ज्ञापन पढ़ा।

ज्ञापन में कहा गया कि आरटीई अधिनियम 2009 के तहत प्रदेश के गैर सरकारी विद्यालयों में 25 प्रतिशत विद्यार्थियों को निशुल्क प्रवेश व शिक्षा दी जाती है। जिनकी फीस का पुनर्भरण केंद्र व राज्य सरकार करती है। लेकिन पिछले शिक्षा सत्र से ही स्कूलों को पुनर्भरण राशि जारी नहीं की गई है। जबकि इस साल का सत्र का भी समाप्त होने को आया।

प्रदेश संयोजक प्रमोद शर्मा व जिला संयोजक आचार्य भागचंद नागर, संरक्षक राजेश मान, उपाध्यक्ष हरिमोहन गोयल, आरटीई प्रभारी राकेश सोनी, महामंत्री पवन शर्मा, नगर अध्यक्ष रूपल सेठी, छोटूलाल मेरोठा, इशराज खान, राकेश गौतम व सिद्धार्थ टेहल्यानी आदि पदाधिकारियों ने कहा कि पिछले सत्र का बजट आवंटित हुए कई माह बीत चुके, लेकिन अधिकांश स्कूलों के क्लेम बिल तक जिला शिक्षाधिकारी कार्यालय से नहीं बनाए गए। जबकि इस बारे में कई बार डीईओ को अवगत कराया जा चुका है। संचालकों ने ज्ञापन में चेतावनी दी है कि 15 फरवरी तक सभी स्कूलों को आरटीई का भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।