जयपुर। उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनावों के एग्जिट पोल सामने आने के बाद कांग्रेस महासविच प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारी पार्टी ने जमकर चुनावी लड़ाई लड़ी है। जितनी मेहनत हमसे हो सकी हने की है। उत्तर प्रदेश के चुनावों में सक्रिय रूप से शामिल श्रीमती गांधी वाड्रा ने कहा, "हम जितना कठिन हो सके लड़े। हम इंतजार करेंगे और परिणाम देखेंगे।"
आज महिला दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश में पार्टी के 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' अभियान के तहत एक मार्च का नेतृत्व करने के लिए प्रियंका गांधी मंगलवार को लखनऊ पहुंची। गांधी वाड्रा ने कहा, ''लखनऊ में आज का मार्च हमारी 159 महिला उम्मीदवारों का जश्न मनाने के लिए है। मुझे लगता है कि यह एक बड़ी बात है। बात यह है कि उन सभी ने लड़ाई लड़ी और अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर हमें उन्हें मनाना चाहिए।"
एग्जिट पोल के नतीजे
विभिन्न एजेंसियों के द्वारा जारी किये गये एग्जिट पोल के आधार पर यूपी में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर से सरकार बनाती हुई नजर आ रही है। 403 सदस्यीय उत्तर प्रदेश विधानसभा में, बहुमत का आंकड़ा 202 है और एग्जिट पोल ने भाजपा को अपने सहयोगियों के साथ सहज बहुमत मिलने की भविष्यवाणी है।
News18-P MARQ के एग्जिट पोल के मुताबिक, बीजेपी और उसके सहयोगियों को 240 सीटें, समाजवादी पार्टी और सहयोगी दलों को 140 सीटें, बसपा को 17 सीटें और कांग्रेस को चार सीटें मिलने का अनुमान है।
न्यूजएक्स-पोलस्ट्रैट एग्जिट पोल के मुताबिक, बीजेपी को 211-225 सीटें, एसपी-आरएलडी को 146-160 सीटें, बसपा को 14-24 सीटें और कांग्रेस को चार से छह सीटें मिलेंगी।
टाइम्स नाउ-वीटो एग्जिट पोल में कहा गया है कि बीजेपी को 225 सीटें, सपा-रालोद को 151 सीटें, बसपा को 14 और कांग्रेस को नौ सीटें मिलने की उम्मीद है।
इंडिया न्यूज-जन की बात एग्जिट पोल के मुताबिक बीजेपी को 222-260 सीटें, सपा को 135-165 सीटें, बसपा को 4 से 9 सीटें और कांग्रेस को एक से तीन सीटें मिल सकती हैं.