भरतपुर की प्रियंका मदेरणा को मिला स्वर्ण पदक, किया ज़िले का नाम रोशन

अतुल्य संसार कार्यालय

जयपुर |

भरतपुर- गले में गोल्ड मेडल और चेहरे पर उसकी स्वर्णिम आभा।
हाल ही में आयोजित हुए राजस्थान यूनिवर्सिटी के 31वें दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक हासिल करने वाली भरतपुर जिले की होनहार बेटी प्रियंका मदेरणा का चेहरा सोने की चमक और खुशियों से दमक उठा। अपनी मेहनत और लगन की बदौलत सर्वाधिक अंको के साथ स्वर्ण पदक हासिल करना प्रियंका के लिए किसी सपने के पूरा होने जैसा है। भरतपुर जिले की छात्रा प्रियंका मदेरणा ने एमएससी केमिस्ट्री में टॉप करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। राजस्थान यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो.राजीव जैन ने प्रियंका मदेरणा को यूनिवर्सिटी में सर्वाधिक अंक प्राप्त होने पर स्वर्ण पदक व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अपनी इस सफलता का श्रेय प्रियंका ने अपने माता-पिता तथा गुरुजनों को समर्पित किया। प्रियंका को स्वर्ण पदक प्राप्त होने पर पूरे जिले में खुशी की लहर है। प्रियंका ने पूरे जिले के साथ साथ अपने गाँव नगला तेराहियाँ को गौरवान्वित किया है।

लगा शुभकामनाओ का भंडार
स्वर्ण पदक प्राप्त होने के बाद यूनिवर्सिटी टॉपर प्रियंका मदेरणा को बधाइयों का अम्बार लग गया, सेंट विल्फ्रेड गर्ल्स कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ.मनीषा तिवारी, जेके कॉलेज के डायरेक्टर डॉ.अरुण गुप्ता, मॉडल पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर वर्गीस डेनियल, केमिस्ट्री के प्रो.उमाशंकर चतुर्वेदी आदि ने प्रियंका की अद्भुत उपलब्धि पर बधाईयां देते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।

बचपन से मेधावी हैं प्रियंका
बता दें, प्रियंका मदेरणा बचपन से ही मेधावी रही हैं। स्कूल के समय से ही हमेशा टॉपर रही है, पूर्व में भी महाराजा सूरजमल बृज यूनिवर्सिटी से भी बीएससी में टॉप कर चुकी है।

शिक्षक है प्रियंका के पिता
प्रियंका मदेरणा के पिता विजय सिंह शिक्षा विभाग में अध्यापक है। माँ आशा सिंह गृहणी है। भाई राहुल मदेरणा सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय रहते हैं।