जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पंजाब के फिरोजपुर में एक रैली को संबोधित करने जाने वाले थे लेकिन प्रधानमंत्री ने अपने इस कार्यक्रम को रद्द कर दिया। प्रधानमंत्री मोदी प्रदर्शनकारियों की वजह से लगभग 20 मिनट तक फ्लाईओवर पर फंस गए थे जो कि एक बहुत बड़ी सुरक्षा चूक मानी जा रही है। इसके साथ इस चुनावी मौसम में केंद्र और कांग्रेस शासित राज्य के बीच बयानों से संघर्ष शुरू हो गया। गृह मंत्रालय ने एक बयान में जारी कर कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पीएम मोदी की सुरक्षा में चूक के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। गृह मंत्रालय ने कहा, "प्रधानमंत्री 15-20 मिनट तक फ्लाईओवर पर फंसे रहे। यह प्रधानमंत्री की सुरक्षा में एक बड़ी चूक थी।"
केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने मंच से घोषणा की और कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने "कुछ कारणों से" पंजाब के फिरोजपुर की अपनी निर्धारित यात्रा को रद्द कर दिया है।
सरकारी सूत्रों ने पंजाब पुलिस पर तथाकथित प्रदर्शनकारियों के साथ "सांठगांठ" करने का आरोप लगाया। सूत्रों ने कहा कि केवल पंजाब पुलिस को ही पीएम का सटीक रास्ता पता था। कांग्रेस ने इसका पलटवार करते हुए कहा कि पीएम की सुरक्षा ने अंतिम समय में रूट बदलने की अनुमति कैसे दी।
गृहमंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री आज सुबह हुसैनीवाला में राष्ट्रीय शहीद स्मारक के दौरे के लिए बठिंडा पहुंचे। वहां से वे हेलीकॉप्टर से जाने वाले थे लेकिन बारिश और खराब मौसम के कारण, उन्होंने लगभग 20 मिनट तक मौसम साफ होने का इंतजार किया। जब मौसम में सुधार नहीं हुआ, तो यह निर्णय लिया गया कि वह सड़क मार्ग से राष्ट्रीय शहीद स्मारक का दौरा करेंगे, जिसमें दो घंटे से अधिक समय लगेगा। गृह मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की आवयश्क सुरक्षा व्यवस्था की पुष्टि डीजीपी पंजाब पुलिस द्वारा की गई थी इसके बाद वे सड़क मार्ग से यात्रा करने के लिए आगे बढ़े, पीएम का काफिला जब फ्लाईओवर पर पहुंचा तो प्रदर्शनकारियों ने रास्ता जाम कर दिया.