उद्यमियों को अविलंब उपलब्ध कराएं आवश्यक संसाधन - जिला कलेक्टर प्रस्तावों को गति दें

संवाददाता शिवकुमार शर्मा
बूंदी|

बूंदी मे औद्योगिक विकास के दृष्टिगत आयोजित इन्वेस्टर सम्मिट मे प्राप्त प्रस्तावों को धरातल पर लाने के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला कलेक्टर रेणु जयपाल ने शुक्रवार को इन्वेस्टर सम्मिट में प्राप्त एमओयू एवं एल लो आई प्रस्तावों की समीक्षा की और निर्देश दिए कि प्रस्तावों को मूर्त रूप में लाने के लिए त्वरित कार्यवाही की जाए। एमओयू तथा एलओआई करने वाले उद्यमियों के साथ बैठकर उनकी समस्याएं जानी तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि उद्यम स्थापना के लिए भूमि के मामलों में कन्वर्जन की प्रक्रिया बिना किसी विलंब के की जाए ताकि उद्यमी आगे कदम बढ़ा सकें। उन्होंने कहा कि प्रक्रियाओं में बेवजह विलंब करने को गंभीरता से लिया जाएगा।
जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि उद्यमियों के लिए विद्युत एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक को निर्देश दिए कि नियमित मॉनिटरिंग करते हुए प्रस्तावों को मूर्त रूप देने के लिए गति दी जाए।
महाप्रबंधक सीएम गुप्ता ने इन्वेस्टर सम्मिट में प्राप्त प्रस्तावों प्रगति की जानकारी दी।बैठक में इन्वेस्ट के प्रस्ताव रखने वाले उद्यमी, तहसीलदार बूंदी, रीको,नगर परिषद,जेवीवीएनएल एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।