पंचायत समिति की साधारण सभा की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने उठाए कई मुद्दे
शाहपुरा न्यूज - शाहपुरा पंचायत समिति सभागार में गुरूवार को विधायक मनीष यादव के मुख्य आतिथ्य एवं प्रधान मंजू शर्मा की अध्यक्षता में साधारण सभा की बैठक का आयोजन हुआ। इस दौरान विधायक यादव का साफा एवं माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। बैठक में गत बैठक की कार्रवाई का अनुमोदन किया गया। बैठक में पेयजल समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने अवगत कराया। इस पर विधायक ने कहा कि शाहपुरा क्षेत्र में पेयजल की गंभीर समस्या है। जल जीवन मिशन का एक भी कार्य पूर्ण नहीं होना गंभीर विषय है।
गर्मी का मौसम को देखते हुए जलदाय विभाग अभी से पेयजल व्यवस्था को लेकर अभी से तैयारी कर लेने के निर्देश दिए। प्रधान मंजू शर्मा ने देवन से निवाणा तक बनाई जा रही एमडीआर सड़क के कार्य को पूर्ण करने, ग्राम पंचायतों को बंदरों के आंतक से मुक्ति दिलाने का प्रस्ताव रखा। जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में शाहपुरा व विराटनगर विधानसभा क्षेत्र को ईआरसीपी योजना में शामिल करने की मांग उठाते हुए प्रस्ताव लिखवाया।
विधायक यादव ने कहा कि सभी ग्राम पंचायतों में बिना भेदभाव के कार्य करवाए जाएं. अधिकारी जनप्रतिनिधियों की बात को गंभीरता से लेवे अन्यथा आपको विरोध का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का शीघ्रता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। भ्रष्टाचार को किसी भी सुरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।