जयपुर। पंजाब दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में हुई चूक पर गृह मंत्रालय ने पंजाब पुलिस पर बड़ा आरोप लगाया है। गृहमंत्रालय ने कहा है कि पंजाब पुलिस ने ब्लु बुक का पालन नहीं किया जिससे प्रधानमंत्री की सुरक्षा में सेंध लगी।
(एमएचए) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि प्रदर्शनकारियों के बारे में खुफिया जानकारी होने के बावजूद, पंजाब पुलिस ने 'ब्लू बुक' का पालन नहीं किया और प्रधान मंत्री की यात्रा के लिए एक आकस्मिक मार्ग तैयार नहीं किया। बता दें कि ब्लु बुक में एसपीजी द्वारा प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए सुरक्षा दिशानिर्देश निर्धारित किये जाते हैं।
एमएचए अधिकारी ने कहा, "ब्लू बुक के अनुसार, राज्य पुलिस को किसी भी प्रतिकूल स्थिति के मामले में सुरक्षा प्राप्त करने के
लिए आकस्मिक मार्ग तैयार करना होगा, जैसे कि पीएम की यात्रा के दौरान पंजाब में हुई थी।" उन्होंने कहा कि इंटेलिजेंस ब्यूरो के अधिकारी पंजाब पुलिस के संपर्क में हैं और उन्हें प्रदर्शनकारियों के आंदोलन के बारे में सतर्क कर दिया है और पंजाब पुलिस के अधिकारियों ने उन्हें वीआईपी को पूरी सुरक्षा का आश्वासन दिया है।
विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) के जवान पीएम के करीब रहते हैं, जबकि बाकी सुरक्षा उपाय राज्य सरकार द्वारा की जाती है। अधिकारी ने कहा कि किसी भी अचानक घटनाक्रम के मामले में, राज्य पुलिस एसपीजी को अपडेट करती है और वीआईपी की आवाजाही को तदनुसार बदल दिया जाता है।
अब गृह मंत्रालय ने गंभीर सुरक्षा चूक का संज्ञान लेते हुए पंजाब सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। साथ ही राज्य सरकार को भी इस चूक की जिम्मेदारी तय करने और सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है।
गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पीएम मोदी बुधवार सुबह बठिंडा पहुंचे, जहां से उन्हें हेलीकॉप्टर से हुसैनीवाला स्थित राष्ट्रीय शहीद स्मारक जाना था. बारिश और खराब दृश्यता के कारण प्रधानमंत्री ने करीब 20 मिनट तक मौसम साफ होने का इंतजार किया।