जयपुर। रेलवे बोर्ड ने कुछ दिनों पहले ही RRB NTPC सीबीटी 1 का परिणाम जारी किया जिसको लेकर छात्र कड़ा विरोध कर रहे हैं। छात्रों की मांग है कि रिजल्ट फिर से जारी किया जाये। छात्रों की मांग नहीं मानने पर बिहार में छात्रों ने रेलवे बोर्ड को घेर लिया और पटरियों पर उतरकर ट्रेन को जाम कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों के आंदोलन ने उग्र रूप ले लिया और पुलिस ने छात्रों पर लाठिया भांजना शुरू कर दिया। प्रदेश में बिगडती कानून-व्यवस्था और अन्य राज्यों में भी विरोध प्रदर्शन करने के दवाब में रेल मंत्रालय झुक गया और रिजल्ट को होल्ड करके आंदोलनकारियों से बात करने का फैसला किया।
इस मामले से निबटने के लिए रेल मंत्रालय में प्रधान कार्यकारी निदेशक दीपक पीटर गेब्रियल की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया। यह समिति प्रदर्शनकारियों के इच्छुक स्वयंसेवकों से बात करेगी और उन लोगों के साथ बातचीत करेगी जो योग्य हैं।
साथ ही रेलवे बोर्ड ने rrbcommittee@railnet.gov.in पर उम्मीदवारों को अपनी चिंताओं को प्रस्तुत करने के लिए 12 फरवरी तक तीन सप्ताह का समय दिया गया है और समिति इन चिंताओं की जांच के बाद 4 मार्च तक अपनी सिफारिशें देगी।
RRB NTPC भर्ती परीक्षा जिसका दूसरा दौर 15 फरवरी से शुरू होने वाला था, अब वह रोक दिया गया है। इसके अलावा लेवल 1 (ग्रुप डी) भर्ती परीक्षा को भी रोक दिया गया है। छात्रों का कहना है कि नोटिफिकेशन में केवल एक सीबीटी लेने की बात कही गई थी और अचानक बोर्ड ने दो सीबीटी लेने का नोटिस जारी कर दिया है। इसके लिए भी छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं।